प्रयागराज

दिल्ली ब्लास्ट के बाद प्रयागराज में हाई अलर्ट; रेलवे ट्रैक किनारे झुग्गियों में सघन जांच, एक्शन मोड में पुलिस

दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए ब्लास्ट के बाद प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से रेलवे भूमि पर बनी अवैध झुग्गियों में दस्तावेजों की जांच और वेरिफिकेशन अभियान शुरू किया है। सुरक्षा एजेंसियां अब शहर की सभी संदिग्ध बस्तियों और बाहरी निवासियों पर कड़ी नजर रख रही हैं।

Prayagraj Jhuggi Checking

अवैध झुग्गी-झोपड़ियों में चेकिंग के दौरान पुलिस

Prayagraj News: दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए कार ब्लास्ट के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। इसी क्रम में प्रयागराज पुलिस और जीआरपी ने शहर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। रेलवे भूमि पर बनी अवैध झुग्गी-झोपड़ियों में पुलिस की टीमें दस्तावेजों की जांच और वेरिफिकेशन कर रही हैं। एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा के निर्देश पर प्रयागराज जीआरपी की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कीडगंज थाना क्षेत्र के मलाकराज इलाके में रेलवे लाइन किनारे बनी बस्तियों में छापेमारी की।

इस दौरान वहां रहने वाले लोगों से आधार कार्ड, पहचान पत्र और निवास प्रमाण जैसे दस्तावेज मांगे गए। पुलिस ने यह भी पूछा कि वे कब से और कहां से आकर यहां रह रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई बार इन्हीं अवैध बस्तियों में छिपे अपराधी चलती ट्रेनों में चोरी और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। वहीं, कुछ संदिग्ध लोगों के यहां शरण लेने की आशंका भी जताई जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे लोगों को रेलवे की जमीन जल्द खाली करने का निर्देश दिया। जीआरपी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर की सभी अवैध बस्तियों का सत्यापन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रयागराज में ऐसी दर्जनों झुग्गी बस्तियां हैं, जहां बाहरी या खानाबदोश समुदाय के लोग वर्षों से रह रहे हैं। दिल्ली ब्लास्ट के बाद अब ये सभी क्षेत्र पुलिस की निगरानी में आ गए हैं।

संदिग्ध वाहनों की सख्त जांच के आदेश

पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के सिटी साइड क्षेत्र में दोनों अधिकारियों ने पुलिस टीमों के साथ फुट मार्च किया और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वायड की टीमों को स्टेशन पर तैनात किया गया था। पुलिस कर्मियों ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग जोन में गहन जांच की। यात्रियों की मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी दौरा किया और वहां मौजूद कर्मचारियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग में खड़े पुराने या संदिग्ध वाहनों की सख्त जांच करने का आदेश भी दिया।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद प्रयागराज पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। वहीं, पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार ने जानकारी दी कि जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। संगम क्षेत्र, धार्मिक स्थलों, रोडवेज, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की सुरक्षा भी और मजबूत की गई है। पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में दें। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है और नागरिकों की जागरूकता से ही शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सकती है।

लेटेस्ट न्यूज

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi Author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article