पटना

बिहार में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज, राज्यपाल से मिले नीतीश, 20 नवंबर को हो सकता है शपथ

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA को 202 सीटों की प्रचंड जीत मिलने के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू विधायक दल और कैबिनेट की बैठक बुलाई थी, जिसके बाद वो राज्यपाल से मिले।

nitish kumar

20 तारीख को होगा शपथग्रहण (फाइल फोटो | PTI)

Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार शाम पांच बजे आचार संहिता समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण बैठकें बुलाई गई थीं। पहली जदयू विधायक दल की बैठक और दूसरी कैबिनेट की अंतिम बैठक। मीटिंग के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने पहुंचे। रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार की नई सरकार 20 नवंबर को शपथ ले सकती है।

राज्यपाल से मिले नीतीश

सोमवार को पहले खबर आई कि नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया दिया है, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि नीतीश कुमार ने ऐन मौके पर इस्तीफा नहीं दिया और राज्यपाल से मिलकर वापस आ गए। मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूदा सरकार को भंग कर दिया गया है और नई सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है।

NDA के पास स्पष्ट बहुमत, पांचों घटक दल बनाएंगे सरकार

NDA ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा ने 89, जदयू ने 85, लोजपा (रामविलास) ने 19, हम ने 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 सीटें जीतीं। पांचों सहयोगी दल मिलकर नई सरकार का गठन करेंगे। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। मैदान में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और 20 नवंबर तक आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- लालू परिवार में घमासान के बीच पप्पू यादव के तीखे तेवर, बोले- ‘जयचंद’ और ‘मान सिंह’ की विदाई हो

विभागों के बंटवारे पर चर्चा जारी

चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री आवास पर बैठकों का दौर जारी है। जदयू और भाजपा नेतृत्व मंत्रिमंडल गठन, विभागों के बंटवारे और संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा कर रहे हैं। जदयू, लोजपा (रामविलास) और हम अपनी विधायक दल की बैठकें कर चुके हैं, जबकि भाजपा विधायक दल की बैठक आज होगी। उसके बाद NDA विधायक दल की संयुक्त बैठक में नेता के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- मीसा से तेजस्वी तक, जानें नौ बच्चों वाले सबसे चर्चित राजनीतिक परिवार के बारे में

मंत्रिमंडल गठन पर सहयोगियों की मांगें

सूत्रों के अनुसार, NDA सहयोगियों ने भाजपा हाईकमान को मंत्री पद और मंत्रालयों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बता दी हैं। भाजपा ने आश्वस्त किया है कि मंत्रिमंडल में भागीदारी सीटों के अनुपात में सुनिश्चित की जाएगी और विभागों के बंटवारे में गठबंधन धर्म का पालन होगा। साथ ही मंत्री पदों के लिए सुझाए गए नामों में जातीय, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन का ध्यान रखा जाएगा।

विनोद तावड़े आज पटना पहुंचेंगे

इसी बीच भाजपा महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े आज पटना पहुंच रहे हैं। वे मंत्रिमंडल गठन, विभागों के बंटवारे और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही भाजपा विधायक दल की बैठक की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करेंगे।

लेटेस्ट न्यूज

Saket Kumar
Saket Kumar Author
End of Article