पटना

दो डिप्टी सीएम, नए चेहरे और सियासी समीकरण, बिहार में मंत्रियों के नाम पर मंथन जारी; इन नेताओं के नाम सबसे आगे

बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले मंत्रिमंडल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा सौंप दिया है । NDA में मंत्रिमंडल का स्वरूप लगभग तय माना जा रहा है। आइए जानते हैं कौन से नेताओं का नाम चल रहा है सबसे आगे।

nda possible cabinet ministers in bihar

NDA से यह नेता बन सकते हैं मंत्री (फाइल फोटो : PTI)

Bihar News: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले मंत्रिमंडल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। राज्यपाल ने नई सरकार बनने तक नीतीश को कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। इसके साथ ही विधानसभा भंग करने की सिफारिश को भी मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि NDA में मंत्रिमंडल का स्वरूप लगभग तय माना जा रहा है।

BJP से इन नेताओं का मंत्री बनना लगभग तय

सूत्रों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी से सम्राट चौधरी, रामकृपाल यादव, नितिन नवीन, मंगल पांडे और हरि सहनी का मंत्री बनना लगभग निश्चित है। वहीं, विजय सिन्हा को इस बार विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) की जिम्मेदारी मिल सकती है। बताया जा रहा है कि बीजेपी कई नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है।

JDU से ये नेता फिर बन सकते हैं मंत्री

जदयू कोटे से जिन नेताओं की वापसी लगभग तय मानी जा रही है, उनमें शामिल हैं, विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी और जयंत राज। माना जा रहा है कि जदयू अपने अनुभवी और भरोसेमंद चेहरों पर ही दांव लगाने वाली है। वहीं लोजपा (रामविलास) की ओर से संभावित मंत्रियों में तीन नाम सबसे आगे हैं, राजू तिवारी, संजय पासवान और डेहरी के विधायक राजीव रंजन सिंह। HAM और RLM से भी एक-एक नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। हम पार्टी से जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन का फिर से मंत्री बनना लगभग निश्चित माना जा रहा है और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा सबसे मजबूत दावेदार बताई जा रही हैं।

बिहार में दो डिप्टी सीएम की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, इस बार बिहार में इस बार भी BJP के दो उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना है। इसमें सम्राट चौधरी का नाम आगे बताया जा रहा है, जबकि दूसरा डिप्टी सीएम नया चेहरा हो सकता है। दूसरी तरफ चिराग पासवान की पार्टी भी एक डिप्टी सीएम और तीन मंत्री पद की मांग कर रही है, जिस पर अभी तक अंतिम सहमति नहीं बनी है।

लेटेस्ट न्यूज

Saket Kumar
Saket Kumar Author
End of Article