रोहिणी आचार्य के मुद्दे पर अुपनी बात रखते पप्पू यादव (स्क्रीनग्रैब: IANS)
Pappu Yadav News: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद महागठबंधन के अंदर उठ रहे सवालों और लालू परिवार में बढ़ते विवादों के बीच पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस हार के पीछे कई 'भीतरी गुनहगार' हैं जिन्हें सामने आना चाहिए।
पप्पू यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि वे महागठबंधन की तेजस्वी यादव को जिम्मेदार नहीं मानते, बल्कि उन लोगों को दोषी बताते हैं, जिन्होंने भीतर बैठकर साजिश रची। उन्होंने कहा, “बिहार का कार्यकर्ता, राजद परिवार, सब चाहते हैं कि परिवार में एकता रहे। यह हार तेजस्वी की वजह से नहीं हुई, बल्कि महागठबंधन, कांग्रेस और राजद में मौजूद ‘जयचंद’ और ‘मान सिंह’ जैसे लोगों की वजह से हुई है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और उनकी विदाई होनी चाहिए।”
बता दें कि लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने शनिवार को अचानक सोशल मीडिया पर परिवार से नाता तोड़ने का ऐलान कर हलचल मचा दी थी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें परिवार से निकालने के पीछे तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव और रमीज की भूमिका है। ANI से बातचीत में रोहिणी ने कहा था, “मेरा कोई परिवार नहीं है। संजय यादव, रमीज़ और तेजस्वी यादव ने ही मुझे परिवार से बाहर किया है। पूरे देश में सवाल उठ रहे हैं कि पार्टी इतनी बुरी तरह कैसे हारी, लेकिन जिम्मेदारी कोई नहीं ले रहा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि संजय यादव और रमीज का नाम लेने भर से घर में अपमानित किया जाता है। रोहिणी ने कहा था कि “नाम लेते ही घर से निकाल दिया जाता है, गालियां दी जाती हैं और चप्पल से मारने तक की धमकी मिलती है”।
गौरतलब है कि संजय यादव राजद के राज्यसभा सांसद हैं और तेजस्वी यादव के बेहद करीबी सहयोगी माने जाते हैं, जबकि रमीज तेजस्वी के पुराने मित्र बताए जाते हैं, जिनके पारिवारिक संबंध उत्तर प्रदेश के सपा नेताओं से हैं।