कैमूर की रामगढ़ मतगणना केंद्र के बाहर बवाल
कैमूर जिले के मतगणना हॉल मोहनिया के पास रामगढ़ विधानसभा के मतगणना के दौरान प्रत्याशी समर्थक और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद भीड़ ने नगर आवास एवं विकास कार्यपालक पदाधिकारी के स्कॉर्पियो में आग लगाई। विवाद बढ़ता देख मतगणना केंद्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस मतगणना केंद्र के बाहर जुटे समर्थकों से निपटने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, समर्थकों की झड़प में अब तक तीन सिपाहियों के सिर पर बुरी तरह चोटें आई हैं।
दरअसल, कैमूर के रामगढ़ विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के सतीश कुमार यादव 175 वोटों से जीत गए, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने री-काउंटिंग कराई, जिसमें फिर सतीश कुमार यादव 38 वोटों से जीत गए। इसको लेकर दोनों ही पार्टियों के समर्थकों के बीच जमकर नोकझोंक हुई और फिर मामला गहरा गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से मामला मारपीट में बदल गया, जिसको संभालने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
दरअसल, आखिरी राउंड की गिनती तक बसपा के सतीश कुमार सिंह और बीजेपी के अशोक कुमार सिंह के बीच काफी नजदीकी मुकाबला चला। लिहाजा, आखिरी राउंड के लिए 3 घंटे से प्रशासन ने घोषणा नहीं की। आरोप है कि रिकाउंटिंग के बाद भी प्रशासन ने जीत का प्रमाण पत्र नहीं सौंपा, जिसको लेकर समर्थकों का गुस्सा फूट गया।