पटना

बिहार का मौसम 17-November-2025: नवंबर में पड़ने लगी दिसंबर वाली ठंड, पछुआ ने लुढ़काया पारा; जानें क्या कहता है IMD का पूर्वानुमान

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17-November-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? बिहार के मौसम का पूर्वानुमान: बिहार में ठंड का कुछ ऐसा हाल है कि नवंबर में ही दिसंबर वाली ठंड पड़ने लगी है। पछुआ हवाएं लगातार पारा गिरा रही हैं। आने वाले कुछ दिनों में मौसम और भी ठंडा होने वाला है और जल्द ही शीतलहर की चेतावनी भी आएगी। आइए जानते हैं कैसा रहने वाला है, बिहार का मौसम।

bihar weather today patna mausam

बिहार में चल सकती है शीतलहर

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17-November-2025: नवंबर के आधा बीतते ही बिहार में मौसम ने अपना रुख दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार पारा लुढ़कता जा रहा है और पिछले कुछ दिनों से सुबह-शाम की ठिठुरन लगातार बढ़ रही है और लोगों को रजाई, स्वेटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही पछुआ हवाओं ने राज्य भर में तापमान को तेजी से नीचे धकेल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, इसके साथ ही राज्य के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है।

कई इलाकों में दिसंबर जैसी सर्दी

IMD के ताजा अनुमान के अनुसार, 17 नवंबर को पटना का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, राज्य के कई जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। सीमांचल और मिथिलांचल के कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, अररिया और किशनगंज में तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री नीचे गिरने की आशंका जताई गई है, जिससे शीतलहर की स्थिति बन सकती है।

कई जिलों में धुंध और कोहरे का असर

पूर्वी और उत्तरी बिहार के जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। सुबह के समय विजिबिलिटी घटने से यात्रियों, किसानों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि राजधानी पटना में आसमान साफ रहने के आसार हैं।

पछुआ हवा से बढ़ी सिहरन

राज्य में पछुआ हवाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। सुबह हवा की गति कम रहेगी, लेकिन दोपहर में 4–5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। कम तापमान और धीमी गति की हवाओं का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिख रहा है। पटना समेत कई शहरों में AQI मध्यम से असंतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे दमा और सांस की बीमारी वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सबसे कम तापमान कैमूर में

रविवार को राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई, लेकिन कई जगहों पर हवाओं ने रात का पारा गिरा दिया। औरंगाबाद में तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया, नवादा और बक्सर में यह 11-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दक्षिण बिहार के कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड है।

और गिरेगा पारा

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। दिन में धूप निकलने से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन रात का तापमान धीरे-धीरे 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। 19 नवंबर के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन फिलहाल राज्य में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने वाला है।

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article