फाइल फोटो (PTI)
Noida News: नोएडा में चल रहे SIR कार्यक्रम के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आने पर गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। मतदाता सूची को समय पर और सही तरीके से अपडेट करने के लिए पहले ही प्रशासन सख्त निर्देश दे चुका था। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान कई जगह मतदाता सूची संशोधन कार्य में ढिलाई सामने आई। जिसके बाद 60 बीएलओ और 7 सुपरवाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक जिले में SIR अभियान चल रहा है। प्रशासन ने साफ कहा था कि मतदाता सूची का सही तरीके से और समय पर पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है, ऐसे में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद कई बीएलओ र सुपरवाइजर ने अपने काम को गंभीरता से नहीं लिया। कर्मियों ने उच्च अधिकारियों के निर्देशों की भी अनदेखी की। निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की।
कार्रवाई के तहत जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग थानों में FIR दर्ज कराई गई। विधानसभा 62 दादरी में सबसे अधिक 32 बीएलओ और 1 सुपरवाइजर पर ईकोटेक-1 थाने में FIR दर्ज की गई। इसके अलावा विधानसभा 61 नोएडा में 11 बीएलओ और 6 सुपरवाइजर के खिलाफ थाना दादरी में मामला दर्ज कराया गया। विधानसभा 63 जेवर में 17 बीएलओ के खिलाफ थाना जेवर में एफआईआर दर्ज की गई। सभी एफआईआर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत दर्ज की गई हैं।