नोएडा में दर्दनाक हादसा
Noida Accident News: नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में रविवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। हिंडन पुल और एफएनजी एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर एक पिकअप वैन रेलिंग से टकरा गयी, जिसके चलते इसमें बैठे छह लोग पुल से नीचे गिर गए जबकि कई लोग वाहन के नीचे दब गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि ये लोग हिंडन नदी में मां काली की मूर्ति विसर्जित करने गए थे। सभी लोग पिकअप वैन में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। जिसमें 2 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। बताया जा रहा है कि 18 घायलों में से 3 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
सहायक पुलिस आयुक्त ट्विंकल जैन ने बताया कि पिकअप वैन पर सवार सभी लोग मूलरूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि ये लोग मूर्ति का विसर्जन कर लौट रहे थे, तभी एफएनजी एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हुआ। पुलिस ने घायलों को बिसरख, नोएडा व आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया है।
(इनपुट - भाषा)