मुंबई

11 घंटे में ढहा Mumbai Metro पुल का स्लैब, एक की मौत तीन घायल, 5 अधिकारी गिरफ्तार; विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-चार के पुल का स्लैब कुछ वाहनों पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इस मामले में निर्माण एजेंसी के 5 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

Mumbai Mulund Metro Accident

मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन के पुल का स्लैब गिरा (फोटो-ट्विटर)

मुंबई : मुलुंड इलाके में मेट्रो की एक स्लैब गिरने के मामले में ठेकेदार कंपनी के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया: पुलिस।- मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-चार के पुल का स्लैब कुछ वाहनों पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में ठेका कंपनी के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद विपक्ष ने सवाल उठाए कि क्या शहर के निवासियों के जीवन का कोई मूल्य नहीं है।

पुलिस ने बताया कि शाम को मुलुंड थाने में निर्माण कार्य का ठेका लेने वाली कंपनी मिलन रोड बिल्डटेक के अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और अन्य आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। भाजपा के स्थानीय विधायक ने दावा किया कि उन्होंने पिछले महीने मेट्रो निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान ठेकेदार द्वारा बरती जा रही ’’खामियों’ को उजागर किया था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की और गहन जांच का वादा किया। वहीं, विपक्षी नेताओं ने भाजपा के नेतृत्व वाली ’महायुति’ सरकार की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या मुंबई के लोगों की जान की कोई कीमत नहीं है। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास गर्डर पुल की ’पैरापेट’ दीवार का एक स्लैब एक ऑटो रिक्शा और स्कोडा कार पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि ऑटो रिक्शा में सवार होकर यात्रा कर रहे रामधन यादव की मौत हो गई, जबकि राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) घायल हो गए। राजकुमार की हालत गंभीर है और उन्हें पास के ही एक अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा के अनुसार, रामधन यादव और उनके परिवार के सदस्य एक शादी में शामिल होने जा रहे थे।

मेट्रो परियोजना का क्रियान्वयन कर रहे मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने एक बयान में कहा कि पुल का स्लैब मुलुंड अग्निशमन केंद्र के समीप ’खंभा संख्या 196’ के पास गिर गया। मेट्रो लाइन- 4 दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला को पड़ोसी ठाणे से जोड़ेगी, जिसका एक हिस्सा एलबीएस रोड के ऊपर से गुजरेगा।

विधायक कोटेचा ने घटना के लिए एमएमआरडीए और ठेकेदार को दोषी ठहराया। उन्होंने दावा किया कि श्रमिकों ने वेल्डिंग कर जोड़ने के बजाय गलती से स्लैब के हिस्से को काट दिया तथा उस समय कोई पर्यवेक्षक मौजूद नहीं था, जो मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन था।

11 घंटे में ढहा ढांचा

विधायक ने कहा कि इस तरह का महत्वपूर्ण काम निगरानी में ही किया जाना चाहिए। कमजोर ढांचा लगभग 11 घंटे बाद गिर गया।’’ उन्होंने मेट्रो अधिकारी के हवाले से दावा किया कि एलबीएस रोड के इस हिस्से पर ठेकेदार को पहले भी लापरवाही के लिए चेतावनी दी गई थी। कोटेचा ने कहा कि उन्होंने खुद पिछले महीने महानगरपालिका और एमएमआरडीए के अधिकारियों के साथ एलबीएस रोड पर मेट्रो के काम का निरीक्षण किया था और 55 से अधिक स्थानों पर ’’गंभीर कमियां’’ पाई थीं।

उन्होंने कहा कि मैंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का औपचारिक अनुरोध किया था और एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी को पत्र लिखकर उसे काली सूची में डालने और निलंबित करने की सिफारिश की थी। मैंने महाराष्ट्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान भी यह मामला उठाया था। नागपुर में मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से कहा कि घटना की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एहतियाती उपाय के तौर पर ऐसे सभी निर्माण स्थलों पर तत्काल सुरक्षा ’ऑडिट’ कराया जाएगा। फडणवीस ने कहा, "मुलुंड में हुई दुर्घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों और घायलों के साथ हैं। सरकार और एमएमआरडीए घायलों के चिकित्सा खर्च का वहन करेंगे।

विपक्षी शिवसेना (उबाठा) नेता के आदित्य ठाकरे ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले साल भारी बारिश के दौरान एक दीवार गिर गई थी और नव-उद्घाटित मेट्रो लाइन-3 में पानी भर गया था। क्या भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार (आज की घटना के लिए) ठेकेदार को काली सूची में डालेगी?

कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या मुंबईवासियों की जान इतनी सस्ती हो गई है। कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री फडणवीस से इस दुर्घटना की जिम्मेदारी लेने की मांग की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि सरकार के लिए ’’मुंबई के लोगों के जीवन का कोई मूल्य नहीं है’’।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article