BMC Election: पुख्ता इंतजाम के बीच काउंटिंग प्रोसेस 16 जनवरी को सुबह 10 बजे होगी शुरू, शाम तक नतीजों की उम्मीद
- Authored by: अतुल सिंह
- Updated Jan 15, 2026, 08:22 PM IST
BMC Election Counting: काउंटिंग प्रोसेस इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया की गाइडलाइंस के अनुसार और मॉडल कोड ऑफ़ कंडक्ट का सख्ती से पालन करते हुए पूरी की जाएगी। काउंटिंग के दौरान सिक्योरिटी अरेंजमेंट, ट्रैफिक प्लानिंग और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर ज़रूरी सावधानी बरती गई है।'
काउंटिंग प्रोसेस 16 जनवरी को सुबह 10 बजे होगी शुरू
BMC Election Counting: 15 जनवरी को हुए बीएमसी मतदान की मतगणना प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 23 मतगणना केंद्रों में शुरू होगी...यह जानकारी महानगरपालिका आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगराणी ने दी। मतगणना के लिए तैयार विस्तृत कार्ययोजना को मंजूरी दी जा चुकी है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करते हुए मतगणना संपन्न कराई जाएगी।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियोजन और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई है। बीएमसी क्षेत्र के 227 चुनाव प्रभागों के लिए 23 रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, महाराष्ट्र द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक आरओ कार्यालय के अंतर्गत स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थल तय किए गए हैं, जिन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस विभाग से आवश्यक मंजूरी प्राप्त है। आयुक्त भूषण गगराणी ने आज मतगणना व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ समन्वय कर पर्याप्त बंदोबस्त
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त (शहर) अश्विनी जोशी, विशेष कार्य अधिकारी (चुनाव) विजय बालमवार, सह आयुक्त विश्वास शंकरवार, अतिरिक्त जिलाधिकारी (कोकण) फरोग मुकादम, सहायक आयुक्त गजानन बेल्लाळे, उपजिलाधिकारी महादेव किरवले सहित सभी 23 आरओ उपस्थित रहे।आयुक्त ने बताया कि मतगणना को पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए टेबल लेआउट, स्टाफ तैनाती, सुरक्षा, सीसीटीवी, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर पर्याप्त बंदोबस्त तैनात किया गया है।
मतगणना के लिए कुल 2,299 अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं
मतगणना के लिए कुल 2,299 अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें 759 पर्यवेक्षक, 770 सहायक और 770 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। सभी को पूर्व प्रशिक्षण दिया गया है। मतगणना केंद्रों पर यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा मीडिया के लिए अलग कक्ष बनाए गए हैं। परिणामों की घोषणा में कंप्यूटरीकृत प्रणाली का उपयोग किया जाएगा ताकि सटीकता और पारदर्शिता बनी रहे।
अधिकृत प्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित रहने की अपील
निर्वाचन विभाग ने उम्मीदवारों, उनके अधिकृत प्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित रहने की अपील की है। पहचान पत्र प्राप्त पात्र व्यक्तियों को ही मतगणना स्थलों में प्रवेश मिलेगा। राज्य निर्वाचन आयोग, महाराष्ट्र के निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्यकर शांतिपूर्ण और विश्वसनीय मतगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।