मुंबई में बिगड़ी हवा को लेकर हाईकोर्ट हुआ सख्त (सांकेतिक तस्वीर)
Mumbai AQI News: मुंबई में लगातार गिरती एयर क्वालिटी के बीच ब्रिहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शहर में प्रदूषण बढ़ाने वाले 53 कंस्ट्रक्शन साइटों को स्टॉप-वर्क नोटिस जारी किए हैं। गुरुवार को बीएमसी ने साफ किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है और किसी भी उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
BMC ने निर्माण स्थलों पर AQI मॉनिटरिंग सेंसर 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त आयुक्त (सिटी) अश्विनी जोशी ने चेतावनी दी कि यदि किसी साइट पर AQI सेंसर बंद पाया गया तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी शहर की खराब वायु गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए कहा कि मुंबई की खराब AQI के लिए इथियोपिया में ज्वालामुखी विस्फोट से उठी राख को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि मुंबई का AQI लंबे समय से खराब है, और प्रशासनिक लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- सेन्यार के बाद बंगाल की खाड़ी में उठा है नया चक्रवात; तमिलनाडु के 4 जिलों में रेड अलर्ट
मुख्य न्यायाधीश श्री चन्द्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम अंकलड़ की पीठ ने 2023 से लंबित वायु प्रदूषण से जुड़ी याचिकाओं पर जल्द सुनवाई की मांग पर विचार किया। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता दारीयस खंबाटा और जनक द्वारकादास ने अदालत से कहा कि नवंबर माह में मुंबई का AQI लगातार 300 से ऊपर बना हुआ है, जो गंभीर प्रदूषण श्रेणी में आता है।
शुक्रवार सुबह नौ बजे CPCB के समीर ऐप के मुताबिक मुंबई शहर का AQI 128 रहा जो मॉडरेट श्रेणी में आता है। शहर के 30 स्टेशनों में 24 स्टेशन एक्टिव रहे, जिसमें सबसे कम AQI कोलाबा का दर्ज किया गया, जो 70 था। वहीं सबसे खराब AQI देवनार का रिकॉर्ड हुआ, जो 188 था।