'भाजपा ने धोखे से जीता चुनाव, मुंबई को रखना चाहती है गिरवी'; BMC के चुनावी नतीजों पर बोले उद्धव ठाकरे
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jan 17, 2026, 04:41 PM IST
BMC Poll Results: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर धोखे से चुनाव जीतने का आरोप लगाया। शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा मुंबई को गिरवी रखना चाहती है, उसने धोखे से चुनाव जीता है। मराठी मानुष इस पाप को माफ नहीं करेंगे।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (फोटो साभार: @ShivSenaUBT_)
BMC Poll Results: शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर धोखे से चुनाव जीतने का आरोप लगाया। शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा मुंबई को गिरवी रखना चाहती है, उसने धोखे से चुनाव जीता है। मराठी मानुष इस पाप को माफ नहीं करेंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उद्धव ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि शिवसेना (यूबीटी) का पार्षद महापौर पद के लिए निर्वाचित हो यह हमारा सपना है, अगर ईश्वर की इच्छा हुई तो ऐसा होगा। उन्होंने कहा, ''शिवसेना(यूबीटी) को भाजपा जमीन पर खत्म नहीं कर सकती, इसके बजाय वह साम-दाम दंड भेद के जरिये निष्ठा खरीद सकती है।''
नवनिर्वाचित पार्षदों से मिले उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने शनिवार को पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षदों से मुलाकात की। शिवसेना (यूबीटी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, ''आज पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बीएमसी चुनाव जीतने वाले सभी नए चुने गए पार्षदों को बधाई दी। मुश्किल हालात में मिली सफलता पर आप सभी पर गर्व है; उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि अब हम मजबूती और एकजुटता से काम करेंगे।''
ठाकरे ने कहा, ''शिवसेना को भाजपा जमीनी स्तर पर खत्म नहीं कर सकी।'' प्रत्यक्ष रूप से उनका इशारा बीएमसी चुनावों में शिवसेना (यूबीटी) द्वारा जीती गई 65 सीटों की ओर था। ठाकरे ने कहा, ''उसने (भाजपा ने) मुंबई को गिरवी रखकर विश्वासघात के जरिए जीत हासिल की है। मराठी मानुष इस पाप को कभी माफ नहीं करेंगे। लड़ाई अब खत्म नहीं हुई है, बल्कि अभी शुरू हुई है।''
BMC चुनाव परिणाम पर एक नजर
ठाकरे परिवार के गढ़ में सेंध लगाते हुए भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने बीएमसी चुनावों में 227 में से 118 सीट जीतकर शुक्रवार को बहुमत हासिल कर लिया। भाजपा के 89 सीट जीतने और शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 29 सीट मिलने के साथ ही गठबंधन ने देश के सबसे धनी नगर निकाय पर नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक 114 सीट का आंकड़ा पार कर लिया। शिवसेना (यूबीटी)-मनसे-एनसीपी (एसपी) गठबंधन 72 सीट जीतने में कामयाब रहा। अविभाजित शिवसेना ने 1997 से 25 वर्षों तक नगर निकाय पर शासन किया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।