कोलकाता में रिचा घोष का हुआ सम्मान (फोटो साभार: @AITCofficial)
ICC Womens World Cup: महिला क्रिकेट विश्व कप की नई चैम्पियन और बंगाल की शान ऋचा घोष का शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भव्य स्वागत हुआ। सिलीगुड़ी की 22 वर्षीय ऋचा, जिन्होंने हाल ही में महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया, अपने माता-पिता के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं, जहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्य के खेल मंत्री अरूप विश्वास और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने ऋचा को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ऋचा को स्वर्ण हार, बंगाल पुलिस में डीएसपी पद की नियुक्ति पत्र और राज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंग भूषण’ प्रदान किया। ममता बनर्जी ने कहा, “बंगाल की बेटी ऋचा घोष को हार्दिक बधाई! तुमने बंगाल और देश का नाम रोशन किया है। यह जीत बंगाल की बेटियों के साहस और संकल्प का प्रतीक है, जो हर युवा लड़की को बड़े सपने देखने की प्रेरणा देगी।”
दूसरी ओर, सीएबी ने ऋचा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 34 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया यानी फाइनल मैच में बनाए गए प्रत्येक रन के लिए एक लाख रुपये, साथ ही एक गोल्ड-प्लेटेड बल्ला और गेंद भी भेंट की। फेलिसिटेशन कार्यक्रम का समापन ईडन गार्डन्स के आसमान में चमकती आतिशबाजी के साथ हुआ, जिसने स्टेडियम को रोशनी से भर दिया।
एक दिन पहले, जब ऋचा घोष अपनी जीत के बाद बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरीं, तो उनका सिलीगुड़ी मेंवीनस मोड़ से उनके घर तक भव्य रोड शो के साथ स्वागत किया गया। स्थानीय लोग, मित्र और परिजन उनकी एक झलक पाने और उन्हें बधाई देने उमड़ पड़े- यह दिन सिलीगुड़ी के इतिहास में यादगार बन गया।