कोलकाता में BLO का प्रदर्शन जारी (फाइल फोटो | PTI)
Kolkata BLOs Protest: कोलकाता में मंगलवार को BLO के समूहों ने मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। SIR वर्कलोड को लेकर लंबे समय से नाराज BLO ने कहा कि उनसे असहनीय दबाव में काम कराया जा रहा है, जिसके कारण उन लोगों का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारी BLO ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बीच में ही रोक दिया गया और जबरन बसों में भरकर हटाया गया। मौके पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
एक BLO प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम यहां शांति से प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारे पीछे BLO राइट्स प्रोटेक्शन कमेटी के बैनर तले मंच तैयार किया गया है। हम चुनाव आयोग के पास इसलिए आए हैं ताकि कुछ राहत मिल सके। BLO पर भारी दबाव है, उनकी मानसिक स्थिति खराब हो रही है। कई लोग बीमार पड़ गए हैं और दुख की बात है कि कुछ साथियों की तो मौत भी हो चुकी है।"
उन्होंने आगे कहा कि SIR के दौरान रोज 10 से 12 घंटे लगातार काम करना पड़ रहा है, जबकि फील्ड वेरिफिकेशन के लिए पर्याप्त समय, साधन और सुरक्षा नहीं दी जा रही। उनका सवाल है कि क्या लोकतंत्र को मजबूत करने वालों के साथ ऐसा व्यवहार उचित है?
वहीं, दूसरी ओर भाजपा नेता सजल घोष ने प्रदर्शन को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि यह विरोध असली BLO द्वारा नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में बहुत कम संख्या में लोग आए और बाकी BLO अपने काम में व्यस्त हैं।
सजल घोष ने कहा, "BLO कहां हैं? हमें बताइए, असली BLO कौन हैं? 84,000 बीएलओ में से सिर्फ चार लोग आए थे। बाकी सब काम कर रहे हैं और लगभग 70 प्रतिशत काम पहले ही पूरा हो चुका है। पहला राउंड, जिसे 4 दिसंबर तक पूरा होना था, वह 25 या 26 नवंबर तक ही पूरा हो जाएगा।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो भी प्रदर्शन कर रहे हैं, वे सब TMC के हॉकर हैं। इन लोगों को यह भी नहीं पता होगा कि SIR क्या है। फिलहाल विरोध करने वाले BLO ने घोषणा की है कि जब तक उन्हें समाधान नहीं मिलता, वे संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।
इनपुट-आईएएनएस