शहर

कल का मौसम 28 नवंबर 2025 : 48 घंटे में टकराएगा खतरनाक तूफान, भारी बारिश-वज्रपात से रहें सावधान; IMD ने किया अलर्ट

Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा) 28 नवंबर 2025 : मौसम का मिजाज धीरे-धीरे गहराता जा रहा है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक तापमान में कमी आने से सर्दी का मीटर तेजी से भाग रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 28, 29 और 30 नवंबर को कोहरे में इजाफा और कई राज्यों में शीतलहर से परेशानी बढ़ेगी। पहाड़ों में कई स्थानों पर माइनस तापमान पहुंच गया है। स्काईमेट ने तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में सेन्यार तूफान के बाद दितवाह चक्रवाती तूफान के तटीय इलाकों से टकाराने की संभावना जताई है, जिसके कारण भीषण आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश परेशानी का सबब बनेगी।

Kal Mausam Ka Hal

कल का मौसम

कल का मौसम 28 नवंबर 2025 : उत्तरी राज्य सर्द की गिरफ्त में हैं। दिन में हल्की हवाएं धूप को बेअसर कर रही हैं। पिछले 24 घंटे में अचानक न्यूनतम तापमान कम हुआ है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में अब कोहरे का ग्राफ बढ़ेगा और दिन में शीतलहर की एंट्री होगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर में सर्दी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में माइनस तापमान पहुंचने से नदी, नाले और झरने जमने लगे हैं। कमोबेश ऐसी ही सर्दी उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में महसूस की जा रही है। उधर, दक्षिण भारत लगातार चक्रवाती तूफानों का सामना कर रहा है। मोंथा के बाद सेन्यार और अब अगले 48 घंटे में दितवाह चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिसके प्रभाव से तमिलनाडु में भीषण आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, केरल, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ मूसलाधार वर्षा की संभावना है।

दितवाह चक्रवाती तूफान का अलर्ट

चक्रवात सेन्यार कमजोर होकर तूफान में बदल गया। यह तूफान निकोबार द्वीप समूह से 800 किलोमीटर दूर है। अगले 48 घंटे के दौरान खराब मौसम की संभावना है। उधर, श्रीलंका की ओर एक और समुद्री तूफान दितवाह चक्रवात बनने का अलर्ट है, जिससे श्रीलंका के साथ तमिलनाडु के तट से टकराएगा। स्काईमेट का अनुमान है कि 28 से 30 नवंबर यानी वीकेंड पर दितवाह चक्रवाती तूफान तमिलनाडु में तबाही मचा सकता है। खराब मौसम की स्थिति अगले 48 घंटों तक बनी रहने की उम्मीद है। इस दौरान कन्याकुमारी, तूतीकोरिन, टोंडी, थूथुकुडी, पंबन, नागपट्टिनम, चेन्नई, पुदुचेरी, कराईकल, कुड्डालोर समेत कई जिलों में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश दर्ज की जाएगी। वहीं, मदुरै, तिरुचि, तंजावुर, इडोर, करूर, सलेन, कोयंबटूर, तिरुप्पुर और ऊटी में भी भीषण वर्षा का अलर्ट है। इस तूफान के प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, रायलसीमा समेत कई राज्यों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान भारी बारिश से लैंडस्लाइड, आंधी आने से पेड़ उखड़ेंगे और आकाशीय बिजली गिरेगी। लिहाजा खराब मौसम के दौरान बचने की जरूरत है।

दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी कितनी?

दिल्ली-एनसीआर में लगातार सर्दी अपने चरम स्तर की ओर बढ़ती जा रही है। कड़ाके की ठंड के बीच दिल्ली एवं आस-पास के शहरों में भी शीतलहर के संकेत मिलने लगे हैं। आईएमडी ने बताया कि अगले 2 से 3 दिन आसमान साफ रहेंगे, लेकिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम की बात करे तो न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं जहरीली हवा से कोई राहत नहीं मिल रही है। हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई है। दिल्ली का एक्यूआई 355 दर्ज किया गया जो कि ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है। विवेक विहार में 395, जहांगीरपुरी में 392, आनंद विहार में 386, नरेला में 386, बुराड़ी में 368, चांदनी चौक में 368, सोनिया विहार में 355 और आरके पुरम में 354 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया है, जो बहुत खराब श्रेणी में आते हैं।

बिहार का मौसम कैसा रहेगा कल

बिहार में मौसम सामान्य है, लेकिन अब तापमान में धीरे-धीरे कमी आ रही है। अधिकांश जिलों में सुबह घना कोहरा छाया नजर आ रहा है और दिन में हल्की हवाएं धूप को बेअसर कर रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिसंबर के पहले सप्ताह से मौसम बेहद सर्द होगा। अगले 24 घंटों के दौरान गोपालगंज, मधेपुरा, सुपौल, बेगूसराय, जहानाबाद, बेतिया और समस्तीपुर समेत कई जिलों में कोहेर का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे यातायात और ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ सकता है।

यूपी में कल मौसम सर्दी का

उत्तर प्रदेश में के ज्यादातर हिस्सों में बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी जारी है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सर्दी बढ़ रही है। आईएमडी के मुताबिक, अगले एक-दो दिनों में तापमान और गिरेगा। फिलहाल, अधिकांश जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के दर्ज किया जा रहा है। वहीं, अगले 48 घंटों में सुबह के समय कुछ जगहों पर कोहरा छा सकता है। कोहरा हटने के बाद भी दिन में धुंध बनी रह सकती है। पूरे राज्य में कानपुर सबसे ठंडे शहरों में से एक बना हुआ है, जहां दिन में भी सर्दी महसूस हो रही है।

राजस्थान कल मौसम कैसा है

राजस्थान में अगले 2 से 3 दिन में चक्रवाती परिसंचरण के कारण आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 नवंबर तक तापमान में और कमी आएगी, लेकिन अभी कोल्ड वेव से राहत रहेगी चूरू 5.6°C और सीकर 4°C तक पहुंच गया है और कई शहरों का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। उधर पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी यही स्थिति है। मौसम विभाग की मानें तो अमृतसर 7.5°C, पठानकोट 7.4°C, भटिंडा 6°C, फिरोजपुर 6.8°C, चंडीगढ़ 8.1°C, लुधियाना 6.4°C, करनाल 7°C और पंचकूला 7.9°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

कश्मीर में मौसम कैसा रहेगा

कश्मीर में श्रीनगर में न्यूनतन तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। घाटी में अधिकतर जगहों पर पारा शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पुलवामा में तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम टूरिस्ट रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा। अगले सप्ताह से ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी शुरू हो सकती है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली10°C23°C
मुंबई24°C31°C
जयपुर 14°C24°C
भोपाल14 °C27°C
चंडीगढ़10°C22°C
लखनऊ12°C24°C
पटना15°C26°C
कोलकाता17°C27°C
शिमला4°C16°C
देहरादून9°C19°C
कश्मीर2°C12°C

हिमाचल और उत्तराखंड का मौसम

हिमाचल प्रदेश में सिहरन वाली सर्दी से लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के अधिकांश भागों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। हालांकि, अभी बर्फबारी के लिए करीब एक सप्ताह का इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 2 दिसंबर से बर्फबारी हो सकती है। कुकुमसेरी, ताबो और लाहौल स्पीति में माइनस टेंपरेचर बना हुआ है। शेष जिलों में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे तापमान बना हुआ है। उधर उत्तराखंड में भी कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। गंगोत्री में तापमान बेहद गिरने से नदी, नाले और झरने पूरे जम गए हैं। नेलांब घाटी और गौमुख ट्रैक के आसपास सभी नाले बर्फ बन गए हैं। आईएमडी के मुताबिक, अगले सप्ताह तक स्थिति और गंभीर होगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar Author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद ... और देखें

End of Article