कल का मौसम : 50 घंटे बादल करेंगे बारिश मूसलाधार; कोहरा-शीतलहर से गिरेगा तापमान; IMD का बड़ा अलर्ट
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Jan 13, 2026, 10:00 PM IST
Kal Ka Mausam, 10 January 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: मौसम के करवट बदलते ही उत्तर भारत में बादलों की एंट्री और बारिश के आसार बनते दिख रहे हैं। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच बादल बरस सकते हैं, जिससे मौसम काफी खराब होगा। पहाड़ों पर भी आंशिक तौर पर बदली छाई रह सकती है और ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी से मैदानी इलाकों तक गलन बढ़ने की संभावना है। स्काईमेट ने दक्षिण भारत में नए वेदर सिस्टम से आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है।
कल का मौसम
Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर में मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। कई राज्यों में बेमौसम बारिश से राहत नहीं मिल रही है तो उत्तर भारत घने कोहरे और गलन वाली सर्दी झेल रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पहाड़ों पर बादल छाए रह सकते हैं और ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी का सिलसिला बढ़ सकता है। इधर, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ भागों में बादल बरस सकते हैं, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में शीत लहर चलने व घने से अति घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट है। कोहरे के कारण गिरती विजिबिलिटी से ट्रेनें अपने तय समय से कई घंटे देरी से आवागमन करेंगी, जबकि फ्लाइट सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहेंगी। स्काईमेट वेदर के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 9, 10 और 11 जनवरी को दक्षिणी हिस्सों में समुद्र पर डीप डिप्रेशन बनने से तमिलनाडु में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश एवं केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। उधर, पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल, सिक्किम एवं महाराष्ट्र में भी तापमान गिरने का अलर्ट है।
बिहार-यूपी में कल मौसम
बिहार के अधिकांश जिले घने कोहरे और शीतलहर की गिरफ्त में हैं। कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान गिरने से कोल्ड डे का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पटना, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सारण, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और बेगूसराय में कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी है। इधर, उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले घने कोहरे का कहर झेल रहे हैं। खासकर, विजिबिलिटी प्रभावित होने से ट्रेनों और सड़क यातायात पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। आईएमडी ने अगले 2 दिन तक तेज शीतलहर बहने और कोल्ड डे जैसी स्थिति रहने का अनुमान जताया है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही जारी है। आईएमडी ने हल्की बूंदाबांदी या बारिश को लेकर अलर्ट जारी रखा है। शुक्रवार की सुबह शहर के कई स्थानों पर हल्की बारिश से मौसम काफी बदल गया है। रात काफी सर्द तो दिन भी बेहद ठंडक महसूस करा रहे हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। अगले 24 घंटे के दौरान अक्षरधाम, लोधी रोड, नेहरू स्टेडियम, आर के पुरम, लाजपत नगर, तुगलकाबाद समेत कई स्थानों पर बूंदाबांदी होने का अनुमान है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अब कोल्ड डे को लेकर संभावना बनी हुई है, जिससे सर्दी चरम स्तर की ओर बढ़ेगी। शीत दिवस तब घोषित किया जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है और अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे गिर जाता है। फिलहाल, दिल्ली में पॉल्यूशन का लेवल बढ़ा रहेगा। एक्यूआई 330 से 350 तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। हवा की क्वालिटी 'अत्यंत खराब' रह सकती है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 6°C | 18°C |
| चंडीगढ़ | 5°C | 19°C |
| जयपुर | 8°C | 18°C |
| मुंबई | 20°C | 28°C |
| भोपाल | 11°C | 24°C |
| लखनऊ | 6°C | 18°C |
| पटना | 8°C | 17°C |
| कोलकाता | 11°C | 23°C |
| शिमला | 0°C | 11°C |
| देहरादून | 4°C | 15°C |
| कश्मीर | 5°C | 6°C |
पंजाब- हरियाणा में कल मौसम
मौसम विभाग ने पहाड़ों की ओर से आ रहीं सर्द हवाओं का बड़ा असर हरियाणा और पंजाब पर पड़ रहा है। इसी बीच हल्की बारिश ने मौसम खराब कर दिया है। आईएमडी का अनुमान है कि अगले 24 घंटे दौरान बादलों की आवाजाही हो सकती है और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है। फिलहाल, सिरसा हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान है, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस है। नारनौल में 4.1 डिग्री, फरीदाबाद में 6.2, करनाल में 5.2 डिग्री, भिवानी में 4.9 डिग्री, हिसार में 5 डिग्री और रोहतक में 5.6 डिग्री और अंबाला में 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उधर, पंजाब में बठिंडा सबसे सर्द स्थान बना हुआ है, जहां पारा 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं, चंडीगढ़ में 6 डिग्री, अमृतसर में 6 डिग्री, लुधियाना में 6 डिग्री, गुरदासपुर में 4.5 डिग्री, फरीदकोट में 7.2 डिग्री, पटियाला में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जा सकते हैं।
राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान इन दिनों सर्दी और कोहरे की जद में है। राज्य के ज्यादातर जिलों में शीतलहर बह रही है। आईएमडी की मानें तो शुक्रवार को कई जगह हल्की बारिश ने मौसम को बदल दिया है। अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं कहीं हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, कई हिस्सों में घना से अति घना कोहरा, शीत लहर व अति शीत दिन (Severe Cold Day) रह सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रह सकता है और अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतर जिलों में शीतलहर जारी रहेगी।
झारखंड में शीतलहर का अलर्ट
झारखंड में शीतलहर की मौजूदगी से सिहरन वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, करीब 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। खूंटी में राज्य का सबसे कम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, डालटनगंज में 3 डिग्री, बोकारो में 3 डिग्री सेल्सियस है। रांची, बोकारो, देवघर, हजारीबाग, लातेहार, डालटनगंज (पलामू), लोहरदगा, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। राज्य के कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में बारिश का पूर्वानुमान
आईएमडी ने दक्षिण भारत के राज्यों में एक नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने का पूर्वानुमान जारी रखा है। खासकर, 9, 10 और 11 जनवरी को तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो तमिलनाडु में अगले 3 दिन तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होगी। इस दौरान चेन्नई, पुडुचेरी, कराईकल, पुदुकोट्टई, नागपट्टिनम, तंजावुर, कुड्डालोर, तिरुवरूर, मयिलादुथुराई और रामनाथपुरम में आंधी-तूफान एवं बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित है। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की गति 55 से 65 किमी प्रति घंटे तक रहेगी, जिससे समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी। अगले 3 दिन तक मछुआरों से समुद्री इलाकों में नहीं जाने की अपील की गई है।
कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में मौसम काफी संगीन होता जा रहा है। लगातार न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है, जिसके प्रभाव से श्रीनगर में तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। कड़ाके की सर्द के कारण घाटी में पानी के नल, सड़कों पर जमा पानी और छोटी झीलें जम गई हैं। वर्तमान में अधिकतम और न्यूमतम तापमान के बीच अंतर बेहद कम हो गया है। अगले 24 घंटे के दौरान गुलमर्ग में माइनस 7.5 डिग्री, पहलगाम में माइनस 7.9 डिग्री, जम्मू शहर में 5 डिग्री, कटरा में 3 और बनिहाल में माइनस 1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल, 40 दिनों की अवधि वाले चिल्लई कलां' के कारण घाटी के साथ मैदानी इलाकों में बर्फबारी होगी, जिसके बाद सर्दी का सितम और बढ़ेगा। फिलहाल, पर्वतीय क्षेत्रों में गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर समेत घाटी के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। इधर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश भागों में कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी एवं ऊचे स्थानों पर बर्फबारी से मौसम काफी सर्द रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।