जयपुर में भीषण सड़क हादसा, डंपर ने कई कारों को मारी टक्कर
Jaipur Accident: जयपुर के हरमाड़ा की सड़क आज यानी सोमवार 3 नवंबर की दोपहर को उस समय लाल हो गई, जब एक बेकाबू डंपर ने कई कारों को टक्कर मार दी। कारों को टक्कर मारने के बाद डंपर पलट गया। डंपर ने वहां कई बाइक सवारों को भी कुचल दिया। मिल रही जानकारी के अनुसार इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कुछ लोगों के कार में दबे होने की आशंका है। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। घटना राजस्थान की राजधानी जयपुर के हमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहा मंडी रोड की है। हादसे के बाद वहां चीख पुकार मच गई, हर तरफ तबाही का मंजर साफ देखा जा सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस हादसे के बाद पुलिस ने यहां पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। बता दें कि, यह राजस्थान में दो दिन में यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। हादसे को लेकर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त किया है।
हादसे के बाद पुलिस ने वहां मौजूद लोगों की मदद से तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को भी मॉर्चरी तक पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार डंपर के ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे के बाद मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर इलाज मिले और किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहने पाए। मुख्यमंत्री ने तुरंत कांवटिया अस्पताल में मंत्री झाबर सिंह खर्रा और केके बिश्नोई को भेजा है। इसके अलावा एसएमएस अस्पताल में मंत्री सुरेश रावत, समुति गोदारा को जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं लगातार दुर्घटना से जुड़े फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर, एसएमएस अस्पताल, कांवटिया अस्पताल के डाक्टरों को भी निर्देश दिए हैं।
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौर ने जयपुर हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि एक के बाद एक दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन हमारे वाहन चालक अब भी सबक नहीं ले रहे। उन्होंने कहा कि अब गंभीरता दिखाने की जरूरत है। फालौदी में हुआ कल का हादसा बेहद दर्दनाक था, और आज फिर एक और हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जो अत्यंत दुखद है। राठौर ने आम नागरिकों से अपील की कि तेज गति से वाहन चलाना और लापरवाही बरतना ठीक नहीं है, क्योंकि ऐसी गलती से निर्दोष लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने कहा कि सभी को सावधानीपूर्वक ड्राइव करनी चाहिए और ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए, यह बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद राहत कार्यों के लिए सभी अपने-अपने स्तर पर काम कर रहे हैं, और भाजपा की ओर से भी सहायता भेजी गई है। अस्पताल में जिन लोगों को खून की जरूरत थी, उनके लिए तुरंत व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया कि जयपुर में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने इस हादसे में अपनी जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सरकार ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक ने डंपर की रफ्तार अचानक बढ़ा दी और सड़क पर चल रहे पैदल यात्रियों व मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी। इसके बाद वह दिल्ली-अजमेर राजमार्ग पर एक ट्रेलर ट्रक और एक कार से टकराकर जाकर रुका। चालक के नशे में होने के सवाल पर अधिकारी ने कहा, “फिलहाल चालक घायल है, इसलिए मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वह शराब के असर में था या नहीं। हालांकि जिस प्रकार की यह दुर्घटना है, उससे प्रतीत होता है कि चालक नशे में हो सकता है या किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा होगा।” घटना के सीसीटीवी फुटेज में डंपर को 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से अन्य वाहनों को टक्कर मारते और मोटरसाइकिल सवारों को रौंदते हुए देखा गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।