शहर

हिमाचल में बारिश ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड, अक्टूबर में बरसा 173 फीसद अधिक पानी; देखें IMD का डेटा

Himachal Rainfall: इस साल अक्टूबर के महीने में हिमाचल प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ बारिश हुई है। आंकड़ों से देखें तो प्रदेश में सामान्य से करीब 173 फीसदी अधिक पानी बरसा है, जो पिछले दो दशकों में सबसे अधिक है। बिलासपुर में तो सामान्य से 613% अधिक बरसात दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने नवंबर के पहले सप्ताह में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।

himachal rainfall october news

सिरमौर जिले में बरसा सबसे ज्यादा पानी (सांकेतिक तस्वीर)

Himachal Record Rainfall: हिमाचल प्रदेश में इस बार अक्टूबर की बारिश ने पिछले दो दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अक्टूबर 2025 में पूरे राज्य में औसतन 68.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह 2005 के बाद से अक्टूबर महीने में सबसे अधिक वर्षा है। गौरतलब है कि 1901 के बाद यह अक्टूबर की चौथी सबसे भारी बारिश रही। साल 1955 में 413.5 मिमी बारिश के साथ अब भी ऑल-टाइम रिकॉर्ड कायम है।

सिरमौर सबसे ज्यादा भीगा, किन्नौर सबसे कम

जिला स्तर की बात करें तो सिरमौर ने सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की, जहां अक्टूबर में 96.9 मिमी बारिश हुई। कांगड़ा (95.4 मिमी) और सोलन (93.7 मिमी) भी ऊंचे पायदान पर रहे। वहीं किन्नौर में सबसे कम 37.6 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई। डेटा के मुताबिक बिलासपुर में सामान्य से 613% ज्यादा बारिश हुई, जो राज्य में सबसे बड़ा पॉजिटिव अंतर रहा। इसके विपरीत किन्नौर में सबसे कम 66% का अंतर रहा।

जिलाइस बार की बारिश (मिमी)सामान्य बारिश (मिमी)अंतर (%)
बिलासपुर92.613613
चंबा92.734.5169
हमीरपुर67.620.9223
कांगड़ा95.427.7244
किन्नौर37.622.766
कुल्लू82.124.8231
लाहौल और स्पीति46.923.996
मंडी69.819.9251
शिमला59.525.8131
सिरमौर96.928.8237
सोलन93.721.3340
ऊना64.118.7243
कुल हिमाचल प्रदेश में 68.525.1173

शुरुआत में ही आया भारी मौसम सिस्टम

IMD का कहना है कि अक्टूबर का सबसे सक्रिय दौर शुरुआत के हफ्ते में देखने को मिला। 7 और 8 अक्टूबर को कई क्षेत्रों में बेहद भारी बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर के नैना देवी में 132.6 मिमी और सोलन में 119.6 मिमी बरसात दर्ज हुई। किन्नौर के वांगतू, चंबा के खेरी, सिरमौर के पच्छाद और सोलन के कसौली में भी भारी वर्षा दर्ज की गई।

आगे कैसा रहेगा हिमाचल का मौसम

मौसम विभाग के शिमला केंद्र द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार नवंबर के पहले सप्ताह में कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है। IMD ने बताया कि हिमाचल के सभी 12 जिलों में अक्टूबर महीने में 'लार्ज एक्सेस प्रसीपिटेशन' दर्ज किया गया, यानी सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article