गुरुग्राम

नूंह में चिता की लकड़ी बनी झगड़े की वजह, लकड़ियां उठाने पर चले लाठी-डंडे और गोलियां

नूंह में अंतिम संस्कार की लकड़ी को लेकर दो समूह में विवाद हो गया और यह विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे के साथ गोलियां भी चलाई गई। इस घटना में एक परिवार के 8 लोग घायल हो गए हैं। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।

Police

नूंह में चिता की लकड़ी बनी झगड़े की वजह

Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी को लेकर दो समूहों में झड़प हो गई। यह मामला बिस्सर अकबरपुर गांव में एक विवादित जमीन से चिता के लिए लकड़ी इकट्ठा करने को लेकर हुआ, जिसमें दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक ही परिवार के करीब आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान कथित तौर पर लाठी-डंडे और गोलियां भी चली। मोहम्मदपुर अहिर थाने में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

विवादित जमीन से लकड़ी इकट्ठा करने को लेकर हुआ विवाद

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बिस्सर अकबरपुर गांव के निवासी राजा की शिकायत के मुताबिक, वह अपने रिश्तेदार धर्मबीर का मंगलवार सुबह निधन होने के बाद चिता जलाने के लिए लकड़ी लेने के मकसद से अपने भाई उदल और बेटे दीपांशु के साथ पंचायत की जमीन पर गए थे। इस बीच, प्रतिद्वंद्वी समूह से सुखबीर, रामदेव, रामकिशन, सतबीर, प्रवीण, पवन, नवीन, प्रशांत और प्रियांशु मोटरसाइकिल, स्कूटर और कार में सवार होकर आए। उनके पास कथित तौर पर बंदूक, चाकू, डंडे और लोहे की रॉड थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, रामदेव ने पीड़ितों को अपशब्द बोले और कहा, "यह ज़मीन हमारी है, हम तुम्हें यहां से लकड़ी नहीं लेने देंगे। ट्रैक्टर हटाओ वरना हम तुम्हें गोली मार देंगे।" राजा ने शिकायत में कहा, "जब हमने कहा कि हम दशकों से इस जमीन का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो वे भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी। सतबीर ने उदल के सिर पर डंडे से वार किया, जिसके बाद वह जमीन पर पड़ा और फिर सभी ने मिलकर उसे लाठियों से पीटा।" शिकायत में कहा गया है, "उदल को बचाने आए उसके भतीजे रोहित पर रामदेव ने गोली चला दी, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। सोनू को भी गोली लगी। नवीन ने अभिषेक के सिर पर चाकू से वार किया, जिससे उसके कान पर गहरी चोट लगी। जब गांव वाले इकट्ठा हुए, तो आरोपी घटनास्थल से भाग गए।"

(इनपुट - भाषा)

लेटेस्ट न्यूज

varsha kushwaha
varsha kushwaha Author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग... और देखें

End of Article