गुरुग्राम

Karnal: लॉरेंस बिश्नोई–काला राणा गैंग का खतरनाक सदस्य गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

करनाल एसटीएफ ने समय रहते एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई–काला राणा गिरोह के कुख्यात सदस्य अमर सिंह उर्फ मुछ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह गैंग के निर्देश पर करनाल में विस्फोटक सामग्री छिपाकर बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कर्ण लेक क्षेत्र से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड और एक IED बरामद कर बड़ी घटना को टाल दिया।

STF Karnal Foils Major Crime Plot

STF ने बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम किया

Karnal News: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) यूनिट करनाल ने एक ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई–काला राणा/नौनी राणा गैंग के खूंखार और सक्रिय सदस्य अमर सिंह उर्फ मुछ को गिरफ्तार कर गैंग की एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। एसटीएफ करनाल ने गुप्त सूचना के आधार पर 25 नवंबर को करनाल–इंद्री रोड से आरोपी अमर सिंह को दबोचा। आरोपी के कब्जे से एक नाजायज़ विदेशी ऑटोमैटिक पिस्तौल (Glock) मय जिंदा राउंड बरामद हुए हैं।

अगले दिन आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया, जिसके बाद उससे गहनता से पूछताछ की गई। रिमांड के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दिन पहले अपनी गैंग के लीडर नौनी राणा के निर्देश पर बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए विस्फोटक सामग्री करनाल लेकर आया था। उसने बताया कि सामग्री को वह मौके का इंतजार करते हुए करनाल में एक सुनसान स्थान पर छिपाकर रखे हुए था। एसटीएफ टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर आज दिनांक 27 नवंबर को कर्ण लेक के पीछे, गांव झींझाड़ी के पास हाईवे किनारे से जमीन खोदकर 2 जिंदा हैंड ग्रेनेड और एक IED बरामद किया।

बड़ी हिंसक वारदात की थी तैयारी

मौके पर FSL टीम और बम निरोधक दस्ता को बुलाकर विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित निष्क्रिय करने की कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया है कि गैंग करनाल और आसपास के जिलों में किसी बड़ी हिंसक वारदात की तैयारी में था। गैंगस्टर काला राणा और उसका पिता जोगिंद्र सिंह पहले से ही UAPA और संगठित अपराध के मामलों में जेल में बंद हैं। उनके बाहर सक्रिय साथी किसी भी समय वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। एसटीएफ ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना और जनहानि को टाल दिया।

गंभीर वारदातों में शामिल होने का आरोप

अमर सिंह उर्फ मुछ लंबे समय से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब के विभिन्न इलाकों में सक्रिय रहा है। उस पर कई गंभीर वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। नोएडा–गाजियाबाद बॉर्डर पर एक प्रमुख राजनीतिक नेता, उनके ड्राइवर और गनमैन की निर्मम हत्या से लेकर अंबाला जिले में एक युवक के अपहरण के बाद की गई क्रूर हत्या तक, उसके आपराधिक रिकॉर्ड में कई बड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा यमुनानगर में हथियारों के बल पर एक सेना अधिकारी की गाड़ी लूटने की घटना भी उससे जुड़ी बताई जाती है। नोएडा और गाजियाबाद में हत्या, आपराधिक साज़िश, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और अवैध हथियार रखने के कई मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है।

लेटेस्ट न्यूज

मनोज कुमार
मनोज कुमार Author
End of Article