हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी (फाइल फोटो: ANI)
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हरियाणा सचिवालय में गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के स्कूलों में आयोजित निबंध लेखन और ‘सुनो कहानी गुरु तेग बहादुर की’ प्रतियोगिता का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु तेग बहादुर के साहस, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन सत्य, वीरता और मानवता की उत्कृष्ट मिसाल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रभलीन सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के अनेक विद्यालय इस कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनके विचार सुने और उन्हें गुरु तेग बहादुर के आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए उत्साहित किया। इस मौके पर चार विद्यार्थियों ने ‘साखी वाचन’ के माध्यम से गुरु तेग बहादुर के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं का वर्णन किया। मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने गुरुओं और महान राष्ट्रनायकों के जीवन से सीख लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव से लेकर गुरु गोबिंद सिंह तक सभी गुरुओं ने हरियाणा की धरती को अपनी उपस्थिति से पावन बनाया है, और उनकी शिक्षाएं आज भी यहां के लोगों के जीवन में गहराई तक समाई हुई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के स्कूलों से साढ़े तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया है, जो यह दर्शाता है कि नई पीढ़ी अपने गुरुओं के आदर्शों और उनके महान बलिदानों से गहराई से प्रेरित है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस प्रतियोगिता में पूरे समर्पण और उत्साह के साथ भाग लें तथा गुरु तेग बहादुर के त्याग, सहिष्णुता, समानता और न्याय के संदेश को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवाओं को सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म का उपयोग मानवता, करुणा और भाईचारे के संदेश को फैलाने के लिए करना चाहिए, यही गुरु तेग बहादुर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने कर्मों और विचारों के माध्यम से देश को और सशक्त बनाने का संकल्प लें, यही इस प्रतियोगिता का वास्तविक उद्देश्य है।