Moradabad Accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां बुधवार को ठाकुरद्वारा-बिजनौर मार्ग पर एक कार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई थी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में जान गवाने वाले लोग एक ही परिवार से थे। हादसे में तीन अन्य लोगों के घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाह समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोग एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि समारोह से लौटते समय ठाकुरद्वारा-बिजनौर मार्ग पर रतूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कविराज (36), उसकी पत्नी मंजू (34) और बेटी आराध्या (11) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मारे गये लोग बिजनौर जिले के फीना गांव के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि मृतकों के शव सीटों से चिपक गए थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल ताशु (18), लक्ष्य (12) और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बतायी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आकाश सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
