मुजफ्फरनगर में बीच सड़क पर दबंगई
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नगर कोतवाली क्षेत्र के चंद्रा सिनेमा के पास कार सवारों ने दबंगई दिखाई। दबंगों ने ट्रैफिक नियमों का जमकर उल्लंघन किया। इतना ही नहीं कार सवार दबंगों पुलिस की टीम के साथ मारपीट भी की। बता दें कि पुलिस के साथ मारपीट की यह घटना तब हुई जब गलत साइड से सड़क पर आ रही एक अर्टिगा कार को ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने रोकने का प्रयास किया। नियम तोड़ने से मना करने पर, कार में सवार दबंग और चालक भड़क गए। इनकी दबंगई इस हद तक बढ़ गई कि बीच सड़क इन लोगों ने खुलेआम ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इन लोगों में पुलिसकर्मियों के प्रति डर नहीं दिखाई दिया।
पुलिस के साथ मारपीट करने के बाद, कार सवार दबंगों ने मानवता को शर्मसार करते हुए वहां से भागने के लिए अपनी का लॉक कर दी, जिसमें एक मासूम बच्चा सो रहा था। इस क्रूर कृत्य से मासूम बच्चे की जान खतरे में पड़ गई, क्योंकि वह एक बंद गाड़ी में फंसा रह गया। लेकिन गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, बिना समय गवाए गाड़ी का शीशा तोड़ा और उसमें से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दबंगों ने पुलिस से बचने की फिराक में एक छोटे बच्चे की जान को खतरे में डाल दिया।
पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और इस पर सख्त कानूनी कार्यवाही शुरू की। इंस्पेक्टर की त्वरित कार्रवाई से बच्चा सकुशल है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को तुरंत हिरासत में ले लिया। साथ ही मारपीट में घायल हुए पुलिसकर्मी का मेडिकल टेस्ट करवाया जा रहा है, ताकि चोटों की पुष्टि हो सके। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।