नाली में गिरने पर बच्ची की बेरहमी से पिटाई, 6 साल की शिफा की मौत; सौतेली मां और पिता गिरफ्तार
- Edited by: Pushpendra Kumar
- Updated Jan 14, 2026, 04:06 PM IST
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने बच्ची के शरीर पर डंडे से पिटाई के 13 गंभीर निशान पाए। रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची की छाती की तीन हड्डियां टूट गई थीं, जबकि सिर की नसें फटने से अंदरूनी अंगों में भारी रक्तस्राव हुआ, जिसके कारण उसकी मौत की पुष्टि हुई है।
गाजियाबाद में पिटाई से बच्ची की मौत
गाजियाबाद : वेव सिटी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेलते समय नाली में गिरने से कपड़े गंदे होने पर सौतेली मां और पिता ने 6 वर्षीय मासूम बच्ची शिफा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के अनुसार, बच्ची खेलते वक्त नाली में गिर गई थी। इस बात से नाराज सौतेली मां निशा परवीन ने पहले उसकी पिटाई की। इसके बाद बच्ची के पिता अकरम ने भी डंडे से बच्ची को बुरी तरह पीटा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने बच्ची के शरीर पर डंडे से पिटाई के 13 गंभीर निशान पाए। रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची की छाती की तीन हड्डियां टूट गई थीं, जबकि सिर की नसें फटने से अंदरूनी अंगों में भारी रक्तस्राव हुआ, जिसके कारण उसकी मौत की पुष्टि हुई है।
मृतका शिफा के नाना जहीर अहमद ने थाना वेव सिटी में तहरीर देकर बच्ची के पिता अकरम और सौतेली मां निशा परवीन पर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर में जहीर अहमद ने बताया कि उन्होंने करीब आठ वर्ष पूर्व अपनी बेटी तराना उर्फ गुलजार की शादी डासना कस्बा के मोहल्ला बाजीगिरान निवासी अकरम से की थी। तीन वर्ष पूर्व तराना की आग से झुलसकर मौत हो गई थी।
तराना से अकरम के तीन बच्चे हुए थे। इनमें दो बेटियां फिजा (7) और शिफा (6) थीं, जबकि सबसे छोटा बेटा आहिल (5) है। पत्नी की मौत के बाद अकरम ने दूसरी शादी निशा परवीन से की थी। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि जहीर अहमद की तहरीर के आधार पर अकरम और निशा परवीन के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपी माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी बेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि आरोपी पिता और बच्ची की सौतली मां को गिरफ्तार किया गया है और अब कानून इन्हें इनके किए की भी देगा। वही मासूम की दर्दनाक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।