कटक में जर्जर इमारत का हिस्सा गिरा (फोटो: ANI)
Cuttack Building Collapse: कटक में शनिवार को एक पुराने अपार्टमेंट की बालकनी गिरकर पास के मकान पर आ गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक नाबालिग लड़का भी शामिल है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मणि साहू चौक क्षेत्र में हुआ, जहां सभी प्रभावित व्यक्ति एक ही परिवार के सदस्य थे और वे पुराने अपार्टमेंट के पास एस्बेस्टस की छत वाले मकान में रह रहे थे। घर की महिला ने बताया कि "अपार्टमेंट की बालकनी हमारे घर पर गिर गई, जिससे मेरे पति, बेटे और पोते की मौत हो गई।"
मृतकों की पहचान अब्दुल जलील (60), अब्दुल जहीद (30) और अब्दुल मुजाहिद (5) के रूप में हुई है। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बताया कि अग्निशमन दल ने सभी छह लोगों को बचाया और उन्हें एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों ने पहले ही इस इमारत को असुरक्षित करार दिया था, लेकिन चेतावनियों के बावजूद इसे न तो तोड़ा गया और न ही खाली कराया गया।
घटना पर कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। एक परिवार के तीन सदस्यों की इमारत ढहने से मौत हो गई है और दो लोग घायल हैं। शहर में मौजूद ऐसे खतरनाक और जर्जर भवनों को तुरंत घेराबंदी कर बंद किया जाना चाहिए ताकि कोई अंदर न जा सके।” कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 20 लाख रुपये का मुआवजा घोषित करें।”
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated