Umar Khalid: दिल्ली दंगा मामले के आरोपी उमर खालिद को बड़ी राहत! इस 'खास काम' के लिए मिली अंतरिम जमानत
- Authored by: गौरव श्रीवास्तवEdited by: रवि वैश्य
- Updated Dec 11, 2025, 05:17 PM IST
Umar Khalid Bail: कड़कड़डुमा कोर्ट ने उमर खालिद को अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दे दी है।कोर्ट ने ये भी निर्देश दिया है कि खालिद 29 दिसंबर की शाम तक संबंधित जेल अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण करें।
दिल्ली दंगा मामले के आरोपी उमर खालिद मिली अंतरिम जमानत (फाइल फोटो: canva)
Umar Khalid Bail: दिल्ली की कड़कड़डुमा कोर्ट ने उमर खालिद को अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दे दी है। खालिद 16 दिसंबर से 29 दिसंबर तक जमानत पर रहेंगे। अदालत ने 20,000 रुपये के निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानती देने की शर्त पर यह राहत प्रदान की। कोर्ट ने खालिद को निर्देश दिया है कि वे मामले से जुड़े किसी भी गवाह या व्यक्ति से संपर्क नहीं करेंगे।
खालिद को यह भी कहा गया है कि वे अपना मोबाइल नंबर जांच अधिकारी को उपलब्ध कराएं और अंतरिम जमानत की पूरी अवधि के दौरान उसे चालू रखें। बता दें कि उमर खालिद ने बहन की शादी के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी।
'आवेदक सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करेगा'
कोर्ट ने कहा, 'अंतरिम जमानत की अवधि के दौरान आवेदक सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करेगा। इस अवधि में वह केवल अपने परिजन, रिश्तेदारों और मित्रों से ही मिलेगा। इसके अलावा, वह अपने घर पर या उन स्थानों पर ही रहेगा जहां उसकी बहन के विवाह से संबंधित कार्यक्रम आयोजित होंगे।' कोर्ट ने ये भी निर्देश दिया है कि खालिद 29 दिसंबर की शाम तक संबंधित जेल अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण करें।
उमर खालिद की बहन की शादी 27 दिसंबर को होनी है
उमर खालिद ने परिवार में एक शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत देने की मांग की थी।उमर खालिद की बहन की शादी 27 दिसंबर को होनी है।उमर खालिद को 2020 दिल्ली दंगों की कथित साजिश के आरोप में 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया था, तब से वो हिरासत में है।
2020 दिल्ली दंगों के पीछे कथित बड़ी साजिश!
उमर खालिद को 2020 दिल्ली दंगों के पीछे कथित बड़ी साजिश के मामले में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया था।दिल्ली दंगों में कुछ लोगों की मौत हो गई थी और काफी लोग घायल हुए थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।