Delhi News: तुर्कमान गेट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पथराव; पांच पुलिसकर्मी घायल
- Edited by: Nishant Tiwari
- Updated Jan 7, 2026, 06:55 AM IST
दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर निगम दिल्ली (MCD) ने 7 जनवरी 2025 को तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। फैज-ए-इलाही मस्जिद और रामलीला मैदान के आसपास चलाए गए इस अभियान के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया, जिससे पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद पुलिसबल
Delhi News: दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत नगर निगम दिल्ली (MCD) ने 7 जनवरी 2025 की सुबह तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। यह अभियान फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास, रामलीला मैदान के करीब चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई रात में ही शुरू कर दी गई थी और इसे सूर्योदय से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन इस दौरान हालात कुछ बिगड़ गए। कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया।
किए गए थे सुरक्षा इंतजाम
IPS मधुर वर्मा ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। पूरे इलाके को नौ जोनों में बांटा गया था, जिनमें प्रत्येक जोन की निगरानी अतिरिक्त उपायुक्त स्तर के अधिकारी कर रहे थे। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई से पहले अमन कमेटी और स्थानीय लोगों के साथ कई दौर की बैठकें कर हालात सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया गया।
हालात अब काबू में
डिमोलिशन ड्राइव के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से रोकते हुए संयमित और कुछ बल का प्रयोग किया, जिसके बाद हालात पर जल्दी ही काबू पा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी बड़े टकराव की स्थिति नहीं बनने दी गई और इलाके में जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई। DCP निधिन वलसन ने कहा, "कार्रवाई अभी भी जारी है... MCD अतिक्रमण हटा रही है। हमने सुरक्षा के लिए अपने स्टाफ को तैनात किया है। कार्रवाई रात करीब 1 बजे शुरू हुई। MCD ने हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार कब्जे वाली जमीन पर तोड़फोड़ की। रात में पुलिस पर पत्थर फेंके गए। हमने उन्हें पीछे हटाने के लिए कम से कम बल का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, पूरी प्रक्रिया बहुत सुचारू रूप से चली। 4 से 5 अधिकारियों को मामूली चोटें आईं... जैसे ही हमें CCTV कैमरा फुटेज, ग्राउंड फुटेज और बॉडी कैमरा फुटेज मिलेगा, हम बदमाशों की पहचान करेंगे और कानूनी कार्रवाई करेंगे।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।