चण्डीगढ़

कुरुक्षेत्र में चल रहे महायज्ञ के दौरान बवाल; गोली चलने से मची अफरा-तफरी, दो घायल; पुलिस ने संभाला मोर्चा

कुरुक्षेत्र में चल रहे 1008 कुंडिया महायज्ञ में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान गोली लगने से आशीष नाम का व्यक्ति घायल हो गया है। वहीं प्रिंस नाम के युवक के सिर पर पत्थर लगा। इस घटना के बाद यज्ञस्थल पर तनाव का माहौल है। पुलिस ने यहां मोर्चा संभाल लिया है।

Image

कुरुक्षेत्र में महायज्ञ

Photo : Times Now Digital

कुरुक्षेत्र में चल रहे 1008 कुंडिया महायज्ञ के दौरान गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान गोली लगने से आशीष नाम का व्यक्ति घायल हो गया है। वहीं, प्रिंस नाम के युवक के सिर पर पत्थर लगा। इस घटना के बाद यज्ञस्थल पर तनाव का माहौल है। पुलिस ने यहां मोर्चा संभाल लिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, महायज्ञ करने वाले ब्राह्मणों के बीच टकरार की वजह से लाठियां और गोलियां चलीं। 1008 यज्ञ के दौरान गोली लगने से घायल होने वाले का नाम आशीष है, जो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला है, जिसकी जांघ में गोली लगी है। यह सभी ब्राह्मण अलग-अलग राज्य से बुलाए गए थे, जो यज्ञ कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, महायज्ञ करवाने आए ब्राह्मणों पर लाठियां भांजी गईं और बाबा के बाउंसर ने गोलियां चलाई हैं। कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित महायज्ञ में सुबह बड़ी घटना हो गई। यज्ञ में आए ब्राह्मणों पर बाउंसरों द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें एक ब्राह्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के पीछे बासी भोजन को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, यज्ञ में शामिल ब्राह्मणों को बासी भोजन परोसा गया, जिसका उन्होंने विरोध किया। लगातार हो रहे विरोध के चलते सुबह आयोजकों के सुरक्षा गार्डों और ब्राह्मणों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और गार्डों ने गुस्से में फायरिंग कर दी। बता दें कि केशव पार्क में 18 मार्च से 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ आरंभ हुआ था। इसमें देश भर से 1500 से ज्यादा ब्राह्मणों को बुलाया गया था। इन ब्राह्मणों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था यज्ञ के आयोजकों ने की।

'बाउंसर कर रहे थे परेशान'

ब्राह्मणों का आरोप है कि पहले दिन ने बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें साथ किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे। 27 मार्च तक चलने वाले इस महायज्ञ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल समेत BJP के नेता शिरकत कर चुके हैं।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article