शहर

Chamoli: अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा, ब्रह्म कपाल तक पहुंच रहा पानी; बद्रीनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अब पानी ब्रह्म कपाल तक आने लगा है। चमोली पुलिस और SDRF की टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं से अनुरोध कर रही हैं कि वे नदी के पास न जाएं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें।

Image

अलकनंदा नदी का बढ़ा जलस्तर (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Badrinath Dham: मौसम का असर उत्तराखंड में अब दिखने लगा है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोविंदघाट के पास पिनौला में चट्टान टूटकर गिरने के कारण हाईवे बाधित हो गया है। इससे बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को मार्ग में ही रोक दिया गया है। दूसरी तरफ अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से खतरे की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर नदी किनारे सभी घाटों और तप्तकुंड क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है। SDRF और चमोली पुलिस की टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं से अनुरोध कर रही हैं कि वे नदी के पास न जाएं।

बद्रीनाथ की ऊंची चोटियों से तेजी से बर्फ पिघलने और ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बार-बार उफान पर आ रहा है। मंगलवार दोपहर नदी का पानी तप्तकुंड, गांधी घाट और ब्रह्मकपाल जैसे स्थानों तक पहुंच गया। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए SDRF और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी है और चेतावनी जारी की है कि जलस्तर सामान्य होने तक घाटों पर कोई गतिविधि नहीं की जा सकती।

नदी किनारे लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से पुलिस लगातार घोषणाएं कर रही है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दूरी बनाकर रखने की सलाह दे रही है। अधिकारियों ने बताया कि ब्रह्मकपाल जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों तक पानी पहुंचने से खतरा और बढ़ गया है, जिससे यात्रा बाधित हो सकती है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें, स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक जोखिम से बचें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article