बिहार का मौसम (16 Jan 2026) Bihar Weather Today: बिहार में ठंड का असर कम, अब तेज धूप ने संभाली कमान; धीरे-धीरे बदलेगा मौसम का मिजाज
- Authored by: Nishant Tiwari
- Updated Jan 16, 2026, 05:01 AM IST
बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16 Jan 2026: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। कड़ाके की ठंड के बाद अब तेज धूप और बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कई जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम का हाल।
बिहार में कम हुआ सर्दी का असर (AI Image)
बिहार में आज का मौसम (16 Jan 2026): बिहार में लंबे समय से जारी कड़ाके की ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में सुबह और दोपहर की धूप अब तेज महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल ठंड की वापसी के कोई मजबूत संकेत नहीं हैं, हालांकि सुबह के समय कोहरा अभी कुछ दिनों तक परेशान कर सकता है।
कल कैसा रहा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। राज्य के अलग-अलग जिलों में दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर बना रहा, जिससे दोपहर के समय गर्माहट महसूस की गई। लोगों को लंबे समय बाद ठंड से कुछ राहत मिली है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो भागलपुर के सबौर क्षेत्र में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। वहीं, कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी घट गई। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घने कोहरे की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वाहन चालकों को सुबह के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अगले 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आने वाले एक हफ्ते तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक तापमान स्थिर रह सकता है, जिसके बाद दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं। रातें हल्की ठंडी रह सकती हैं, लेकिन तेज ठंड की वापसी की संभावना फिलहाल नहीं है।
अब विदा ले रही है सर्दी
मौसम के मौजूदा रुझान से संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में सर्द मौसम का सबसे कठिन दौर बीत चुका है। अब दिन के समय तेज धूप और हल्की गर्माहट लोगों को महसूस होगी, जबकि सुबह और रात में सामान्य ठंड बनी रह सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।