मध्य प्रदेश में गुना बाईपास पर दुखद दुर्घटना
Guna Road Accident: मध्य प्रदेश के गुना बाईपास पर शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना पिपरोदा गांव के पास क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के सामने हुई, जब एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान 53 वर्षीय शिवलाल शुक्ला और 10 वर्षीय कुंजा शुक्ला के रूप में की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल और मृत सभी लोग कार से उत्तर प्रदेश के उन्नाव से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। छावनी थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप भार्गव ने बताया कि घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
(इनपुट - भाषा)