मध्य प्रदेश सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो | PTI)
MP News: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। जिसमें कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली। बैठक में महिलाओं, किसानों, आदिवासी समाज और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बड़े ऐलान किए गए। राज्य सरकार ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह करने का फैसला लिया है। बैठक में तय किया गया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पूरे प्रदेश में गौरवपूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। इस मौके पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जबलपुर और अलीराजपुर में आयोजित होंगे। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। साथ ही सभी जिलों में जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए विशेष जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में कृषि क्षेत्र के लिए भी कई अहम घोषणा की गई। भावांतर योजना को और मजबूत करते हुए 4036 रेट तय किया है। 13 नवंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव देवास से 1.32 लाख किसानों को 300 करोड़ की राशि का सिंगल क्लिक से भुगतान करेंगे। प्रदेश में बिजली बिल समाधान योजना जारी रहेगी। जिसके तहत उपभोक्ता 30 दिसंबर तक बिलों की विसंगतियां सुधार सकते हैं।
खंडवा जिले के मान्यता क्षेत्र में नया सिविल न्यायालय स्थापित करने का भी फैसला लिया गया है। वहीं ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की संशोधित लागत 2,424 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना में 108 फीट ऊंची आदि शंकराचार्य की प्रतिमा भी तैयार हो गई। प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए भी अहम फैसला लिया है। लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं की राशि बढ़ा दी गई है। अब उन्हें प्रति माह 1500 रुपये दिए जाएंगे। जिसे 12 नवंबर को सिवनी से सिंगल क्लिक में मुख्यमंत्री द्वारा ट्रांसफर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को 1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की। इसके अलावा रेस्को सोलर योजना के तहत सभी शासकीय भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने का भी फैसला लिया गया है।