दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा
Delhi Mumbai Expressway Accident: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार नियंत्रण खो बैठी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बैरियर को तोड़ते हुए खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें 15 वर्षीय एक लड़का भी शामिल था। रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर रावटी थाना क्षेत्र में आठ लेन वाले एक्सप्रेसवे पर हुआ।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक, कि दिल्ली से मुंबई की ओर जा रही कार नियंत्रण खो बैठी और एक्सप्रेसवे का बैरियर तोड़ते हुए खाई में गिर गई। मौके पर जांच से स्पष्ट हुआ कि कार अत्यधिक गति से चल रही थी, क्योंकि खाई में गिरने से पहले ही इसने मजबूत एल्युमिनियम के बैरियर को भी तोड़ दिया।
इस हादसे में पांच लोगों की जान गई, जिनमें 15 वर्षीय एक लड़का और 70 वर्षीय एक पुरुष शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, हादसा कार चालक को झपकी आने के कारण हुआ। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और हादसे की पूरी जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)