ग्वालियर में भीषण हादसा (ANI)
Gwalior-Jhansi Highway Accident: ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगल हिस्सा चकनाचूर हो गया। पुलिस को कटर से गाड़ी काटकर शवों को बाहर निकलना पड़ा।
यह घटना ग्वालियर के महाराजपुरा इलाके में झांसी रोड थाना क्षेत्र स्थित मालवा कॉलेज के ठीक सामने हुई। ग्वालियर CSP हिना खान ने बताया, "आज सुबह 6-6:30 बजे कंट्रोल रूम को हाईवे पर मालवा कॉलेज के सामने एक हादसे की सूचना मिली, जिसमें एक कार और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पुष्टि की कि कार में पांच लोग सवार थे। फिलहाल, कोई भी जीवित नहीं मिला है, वे लोग डबरा से आ रहे थे और ये पांचों दोस्त थे। हमने उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।"
पुलिस ने बताया कि फॉर्च्यूनर में पांच लोगों सवार थे। यह हादसा इतना भीषण था कि पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान क्षितिज उर्फ प्रिंस राजावत, कौशल भदौरिया, आदित्य प्रताप सिंह जादौन, अभिमन्यु सिंह और शिवम राजपुरोहित के रूप में हुई है। ये सभी ग्वालियर के दीनदयाल नगर के रहने वाले थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।