इंदौर में हुआ अनोखा चमत्कार! (फोटो: Canva)
Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक घर में पसरा मातम अचानक खुशियों में बदल गया। दरअसल, परिजनों ने 70 वर्षीय माखनलाल वेद को मृत मान लिया था, लेकिन अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच उन्होंने अचानक सांसें लेनी शुरू कर दीं। उनके बेटे संजय वेद ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। संजय के अनुसार, उनके पिता को 1 नवंबर को ब्रेन हेमरेज होने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया, जो सफल भी रहा, लेकिन कुछ समय बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। लंबे समय तक कोई सुधार न होने पर परिवार ने उन्हें अस्पताल से घर लाने का निर्णय लिया लेकिन घर लौटने के बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया।
संजय वेद ने बताया कि जब उनके पिता को अस्पताल के वेंटिलेटर से हटाया गया, तो गुरुवार को परिजनों को लगा कि उनकी सांसें थम गई हैं और उनका निधन हो गया है। उन्होंने कहा, “हमने यह मान लिया था कि पिताजी अब नहीं रहे। मैंने उनके निधन की सूचना और शव यात्रा का कार्यक्रम सोशल मीडिया पर साझा कर दिया था। अंतिम संस्कार की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, और रिश्तेदार व परिचित अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हमारे घर पहुंचने लगे थे।”
संजय वेद ने बताया कि जैसे ही उनके पिता को घर लाया गया, करीब आधे घंटे बाद उन्होंने हल्की-हल्की सांसें लेना शुरू कर दिया। वेद ने कहा, “यह हमारे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था, यह ईश्वर की कृपा है।” उनके अनुसार, माखनलाल वेद इस समय घर पर ही हैं और उनकी सांसें कभी धीमी तो कभी तेज चल रही हैं। संजय ने बताया, “हम सब प्रभु से उनके पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि पिता की सांसें लौट आने के बाद सोशल मीडिया पर एक नया संदेश साझा किया गया, जिसमें लिखा था “बाबा महाकाल की असीम कृपा से श्री माखनलाल वेद ने पुनः सांस लेना शुरू कर दिया है, वे सुरक्षित हैं। शव यात्रा रद्द की जाती है।”
(इनपुट - भाषा)