भोपाल

बिहार चुनाव पर MP में हुई खूनी बहस; दो भाइयों ने मिलकर भांजे को उतारा मौत के घाट

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर हुई बहस मध्य प्रदेश के गुना में एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। शिवहर जिले से मजदूरी करने आए तीन लोग चुनावी नतीजों पर शराब के नशे में ऐसे उलझे कि दो ने मिलकर एक को मार डाल। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

mp dispute on bihar election

मध्य प्रदेश के गुना में की घटना (सांकेतिक तस्वीर | iStock)

MP News: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे भले ही राज्य की सियासत को नई दिशा दे रहे हों, लेकिन इसका एक असर मध्य प्रदेश के गुना में खून-खराबे के रूप में सामने आया। पटना से करीब एक हजार किलोमीटर दूर, चुनाव परिणामों पर हुई बहस इतनी बढ़ गई कि यह एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हो गई।

चुनावी बहस बनी मौत की वजह

गुना के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के निर्माणाधीन परिसर में यह वारदात उस समय हुई, जब बिहार के शिवहर जिले से मजदूरी करने आए तीन युवक शंकर मांझी (22), राजेश मांझी (25) और तूफानी मांझी (27) एक साथ ठहरे हुए थे। तूफानी और राजेश रिश्ते में शंकर के मामा लगते थे और हाल ही में मजदूरी के लिए गुना पहुंचे थे।

थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि शंकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का समर्थक था, जबकि उसके दोनों मामा जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) का समर्थन करते थे। सभी ने साथ में शराब पी और नशे की हालत में चुनाव नतीजों को लेकर बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तीखी बहस और फिर मारपीट में बदल गई।

कीचड़ में दबाकर मार डाला

पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि राजेश और तूफानी गुस्से में भांजे शंकर को पास की कीचड़ भरी मिट्टी में घसीट ले गए। दोनों ने उसका सिर कीचड़ और पानी में दबा दिया और तब तक दबाए रखा, जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शंकर को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों ने कबूला जुर्म

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि नशे में बहस बेकाबू हो गई थी और उन्होंने आपा खो दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने राजेश और तूफानी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेटेस्ट न्यूज

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari Author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article