AAP कार्यकर्ता रचना यादव की हत्या से सियासी हलचल तेज, सौरभ भारद्वाज ने साधा सीएम रेखा गुप्ता पर निशाना
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 13, 2026, 10:24 PM IST
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता रचना यादव की दिनदहाड़े हत्या ने राजधानी को झकझोर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शालीमार बाग में आयोजित शोकसभा में परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा किया बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं
सौरभ भारद्वाज (फाइल फोटो: पीटीआई)
Delhi News: दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता रचना यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख जताया है। दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा समेत कई नेताओं ने शालीमार बाग स्थित उनके आवास पर आयोजित शोकसभा में पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास से महज 400 मीटर की दूरी पर हुई, इसके बावजूद अब तक मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से मिलने नहीं आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद परिवार इतना भयभीत हो गया कि घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका और पुलिस भी करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। भारद्वाज ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में अपराधी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, फिर भी अब तक उनकी गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कब हुई थी रचना यादव की हत्या?
रचना यादव दो बच्चियों की मां थीं। दो साल पहले उनके पति की भी हत्या कर दी गई थी, जिसके मामले में रचना यादव गवाह थीं और अदालत में पैरवी कर रही थीं। सोमवार को उन्हें उसी मामले में गवाही देनी थी, लेकिन उससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। भारद्वाज ने कहा कि इससे पूरे परिवार की मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना के विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि रचना यादव पर पहले भी दो बार हमले हो चुके थे, एक बार फायरिंग हुई थी और दूसरी बार हत्या का प्रयास किया गया था। हत्या वाले दिन वह एक शवयात्रा देखकर प्रार्थना करने के बाद घर लौट रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें नाम लेकर बुलाया और जवाब देने पर गोली मार दी।
हत्या की कड़ी निंदा कर रही पार्टी
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि शोकसभा के दौरान स्थानीय लोगों में भय का माहौल साफ दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता इसी वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं, फिर भी पड़ोस में हुई इस जघन्य घटना के बाद उनका पीड़ित परिवार के पास न जाना संवेदनहीनता दर्शाता है। वहीं, विधायक संजीव झा ने सोशल मीडिया पर कहा कि रचना यादव की हत्या न केवल एक गंभीर अपराध है, बल्कि यह दिल्ली की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाती है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए। संजीव झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस हत्या की कड़ी निंदा करती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।