Chandigarh online Service: चंडीगढ़ में घर बैठे मिलेगी हर सेवा, 86 सेवाएं ऑनलाइन, जानें कैसे उठाए इसका लाभ

Chandigarh online Service: चंडीगढ़ प्रशासन ने लोगों को सुविधा देने के लिए बड़ी पहल की है। प्रशासन की तरफ से 86 सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। ये सेवाएं चंडीगढ़ संपदा कार्यालय, श्रम विभाग, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड, परिवहन विभाग और आबकारी एवं कराधान विभाग जैसे विभागों से जुड़ी हैं। अब लोगों को किसी काम के लिए इन विभागों के चक्‍कर नहीं काटने पड़ेंगे।

 Chandigarh administrator
सेवाओं को शुरू करते चंडीगढ़ प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ में अलग-अलग विभागों की 86 सेवाओं हुईं ऑनलाइन
  • घर बैठे एक क्लिक पर मिलेगी सभी विभागों की पूरी जानकारी
  • इन विभागों में काम के लिए अभी लोगों को लगाना पड़ता था चक्‍कर

Chandigarh online Service: चंडीगढ़ के लोगों के लिए बड़ी खबर है। लोगों तक घर बैठे हर सेवा पहुंचाने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग विभागों की 86 सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। अब लोगों को किसी भी कार्य के लिए विभागों के चक्‍कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लोग घर बैठे ही इन विभागों से संबंधित जरूरी कार्य निपटा सकते हैं। इन विभागों की ऑनलाइन सेवा का शुभारंभ शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में सांसद किरण खेर और प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने की।

इसके साथ ही चंडीगढ़ लोगों के खाते में सरकारी योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले पैसे को सीधे भेजने वाला पहला केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। इस कार्यक्रम में 'सर्विस प्लस' पोर्टल और 'उमंग' नाम से दो ऐप भी जारी किए गए हैं। जिसके जरिए लोग 27 सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

इन विभागों में मिलेगा फायदा

चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा शुरू की गई ऑनलाइन व्‍यवस्‍था में चंडीगढ़ संपदा कार्यालय और श्रम विभाग की पांच सेवाएं, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की आठ सेवाएं, परिवहन विभाग की 17 सेवाएं, आबकारी एवं कराधान विभाग की 23 सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा 22 अन्‍य सेवाएं प्रत्यक्ष रूप से और पांच अप्रत्यक्ष रूप से ऑनलाइन हुई हैं। इसके अलावा छह सेवाएं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन शुरू की गई हैं।

ये सेवाएं हुई ऑनलाइन

चंडीगढ़ के लोग घर बैठे आवासीय संपत्तियों की जानकारी, सर्टिफिकेट, राशि भुगतान प्रमाणपत्र, ब्याज, एनओसी जैसे सभी कार्य चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड में कर सकेंगे। वहीं परिवहन विभाग से वाहन की आरसी से संबंधित आरएलए की 10 सेवाओं और वाणिज्यिक वाहनों से संबंधित सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है। इसी तरह संपदा विभाग से जुड़ी संपत्ति हस्तांतरण, विलेख का निष्पादन, एनओसी, आवंटनपत्र जैसे कार्य भी घर बैठे हो सकेंगे।

श्रमिकों को भी मिलेगा फायदा

शहर में अब आबकारी एवं कराधान विभाग से लाइसेंस लेने व अन्‍य कार्य करवाने से जुड़ी सभी सेवाएं अब ऑनलाइन हो गई हैं। वहीं चंडीगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड की विभिन्न ई-सेवाओं का भी शुभारंभ किया गया। जिससे श्रमिकों को काफी फायदा मिलेगा। श्रमिकों से जुड़ी 24 सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है। अब इन लोगों को विभागों के चक्कर नहीं काटने होंगे।

अगली खबर