Times Now Navbharat
live-tv
Premium

स्टॉक्स, प्रॉपर्टी या गोल्ड कौन है लॉन्ग टर्म इन्वेस्टिंग का असली किंग, 20 साल में किसने दिया कितना रिटर्न?

लंबी अवधि के निवेश में सबसे ज्यादा पैसा कहां बना, शेयर बाजार, प्रॉपर्टी या सोना? पिछले 20 साल के आंकड़े बताते हैं कि सोने ने रिटर्न के मामले में बाकी एसेट क्लास को पीछे छोड़ा, लेकिन सोने की इस चमक में स्टॉक्स को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

Image
सोना चांदी और स्टॉक्स और प्रॉपर्टी किसमें बना ज्यादा पैसा
Updated Feb 17, 2026, 13:23 IST

निवेश की दुनिया में सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि लंबी अवधि में पैसा कहां लगाना सबसे फायदेमंद रहता है। मोटे तौर निवेश के तीन ठिकाने नजर आते हैं, शेयर बाजार, रियल एस्टेट या सोना? पारंपरिक तौर पर भारतीय निवेशक प्रॉपर्टी और गोल्ड को सुरक्षित निवेश मानते रहे हैं, जबकि पिछले दो दशकों में शेयर बाजार ने भी बड़े पैमाने पर संपत्ति बनाई है। हालांकि, ताजा आंकड़े इस बहस को एक नया मोड़ देते दिख रहे हैं। फंड्स इंडिया की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 20 साल के आंकड़ों में सोने ने शेयर बाजार और रियल एस्टेट दोनों को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा रिटर्न दिया है। हालांकि, इस तस्वीर को समझने के लिए सिर्फ रिटर्न नहीं, बल्कि उतार-चढ़ाव, जोखिम और निवेश की अवधि को भी समझना जरूरी है।

किसने कितना पैसा बनाया?

अगर 31 जनवरी 2026 तक के 20 साल के आंकड़ों को देखें तो सोने ने भारतीय रुपये में करीब 15.6% का सालाना कंपाउंड रिटर्न (CAGR) दिया है। वहीं भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक Nifty 50 TRI ने इसी अवधि में लगभग 12.6% सालाना रिटर्न दिया। रियल एस्टेट ने इस अवधि में लगभग 7.8% सालाना रिटर्न दिया, जबकि डेट यानी फिक्स्ड इनकम निवेश करीब 7.6% सालाना रिटर्न तक सीमित रहा। यानी लंबी अवधि में सोना सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला एसेट क्लास बनकर उभरा है।

Stocks vs Gold vs Real Estate

Stocks vs Gold vs Real Estate

इस फर्क का असर लंबी अवधि में काफी बड़ा हो जाता है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई निवेशक हर साल 1 लाख रुपये निवेश करे, तो 12.6% रिटर्न पर 20 साल बाद यह रकम लगभग 87 लाख रुपये बनती है। वहीं 15.6% रिटर्न पर यही निवेश करीब 1.27 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। यानी सिर्फ 3% अतिरिक्त रिटर्न लंबी अवधि में संपत्ति निर्माण को पूरी तरह बदल देता है। वहीं, अगर वन टाइम इन्वेस्टमेंट को देखें, तो 20 साल पहले अगर सोने में 1 लाख रुपया इन्वेस्ट किया होता, तो आज इसकी वैल्यू 18 लाख के करीब होती, यानी निवेश की गई रकम कुल 18 गुना तक बढ़ती।

एसेट क्लास20 साल CAGRपैसा कितनी गुना बढ़ा₹1 लाख की वैल्यू
गोल्ड15.6%18.3 गुना₹18.3 लाख
भारतीय शेयर बाजार (Nifty 50)12.6%10.7 गुना₹10.7 लाख
रियल एस्टेट7.8%4.5 गुना₹4.5 लाख
डेट निवेश7.6%4.3 गुना₹4.3 लाख

क्या शेयर बाजार पिछड़ गया?

भले ही आंकड़े बताते हैं कि 20 साल की अवधि में सोना आगे रहा, लेकिन यह पूरी कहानी नहीं है। शेयर बाजार की खासियत यह है कि लंबी अवधि में गिरावट के बावजूद इसमें रिकवरी की क्षमता ज्यादा होती है। डेटा बताता है कि समय के साथ शेयर बाजार में निगेटिव रिटर्न की संभावना कम होती जाती है। यानी जितनी लंबी अवधि का निवेश, उतना कम जोखिम। साथ ही, कंपनियों की कमाई और अर्थव्यवस्था की ग्रोथ के साथ इक्विटी निवेशक भी फायदा उठाते हैं। इसलिए वित्तीय सलाहकार अक्सर इक्विटी को लंबी अवधि के संपत्ति निर्माण का प्रमुख साधन मानते हैं, खासकर जब निवेशक नियमित और अनुशासित निवेश करते हैं।

Equity Market Rebounds

Equity Market Rebounds

गोल्ड की सफलता के पीछे क्या कारण रहे

सोने की कीमतों में खासकर 2022 के बाद तेज उछाल देखने को मिला, जिससे इसके लॉन्ग टर्म रिटर्न मजबूत हुए। सोने की कीमतें आम तौर पर वैश्विक अनिश्चितता, महंगाई, डॉलर की चाल, केंद्रीय बैंकों की खरीद और ब्याज दरों से प्रभावित होती हैं। सोना पारंपरिक तौर पर महंगाई से बचाव का साधन माना जाता है और रिपोर्ट के मुताबिक, लंबे समय में इसने महंगाई से औसतन 5–6% ज्यादा रिटर्न दिया है। यही वजह है कि अनिश्चित समय में निवेशक सोने की ओर रुख करते हैं।

गोल्ड की यात्रा हमेशा आसान नहीं

फिलहाल, सोना लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न देता दिखता है, लेकिन इसकी राह हमेशा सीधी नहीं रही। इतिहास बताता है कि कई बार सोने में लंबे समय तक रिटर्न बिल्कुल सपाट भी रहे हैं 1980 से 1989, 1996 से 2002 और 2012 से 2019 जैसे दौर में सोने ने लगभग शून्य रिटर्न दिया था। यानी निवेशकों को कई साल तक कीमतों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं मिली। यह बताता है कि गोल्ड भी हमेशा तेजी देने वाला निवेश नहीं है।

रियल एस्टेट क्यों पीछे रह गया

भारत में प्रॉपर्टी को सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर के डेटा बताते हैं कि पिछले दो दशकों में इसका रिटर्न इक्विटी और गोल्ड से पीछे रहा है। रियल एस्टेट बाजार बेहद बिखरा हुआ है और शहर, लोकेशन, प्रोजेक्ट और समय के हिसाब से रिटर्न काफी अलग-अलग हो सकता है। कई शहरों में कीमतें वर्षों तक स्थिर भी रही हैं। इसके अलावा, प्रॉपर्टी में निवेश के साथ बड़ी पूंजी, कम लिक्विडिटी और रखरखाव लागत जैसी चुनौतियां भी जुड़ी होती हैं।

निवेशकों के लिए असली सबक क्या है

इन आंकड़ों से सबसे बड़ा सबक यह निकलता है कि कोई भी एक एसेट क्लास हमेशा विजेता नहीं रहता। अलग-अलग समय में अलग निवेश बेहतर प्रदर्शन करते हैं। सोना ने पिछले 20 साल में सबसे अच्छा रिटर्न दिया, लेकिन शेयर बाजार ने भी निवेशकों की संपत्ति को कई गुना बढ़ाया है और लंबी अवधि में महंगाई से बेहतर रिटर्न दिया है। वहीं रियल एस्टेट और डेट निवेश स्थिरता देते हैं, लेकिन तेजी से संपत्ति बनाने में पीछे रह जाते हैं।

लॉन्ग टर्म निवेश का असली किंग कौन?

अगर सिर्फ पिछले 20 साल के आंकड़े देखें, तो गोल्ड सबसे आगे दिखाई देता है। लेकिन निवेश का उद्देश्य सिर्फ ज्यादा रिटर्न नहीं, बल्कि संतुलित और टिकाऊ संपत्ति निर्माण होना चाहिए।

इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में इक्विटी, गोल्ड और सुरक्षित निवेश का संतुलित मिश्रण रखें। लंबी अवधि में यही रणनीति जोखिम कम करते हुए बेहतर और स्थिर रिटर्न देने में मदद करती है। यानी लॉन्ग टर्म निवेश का असली किंग कोई एक एसेट नहीं, बल्कि सही एसेट एलोकेशन और अनुशासित निवेश रणनीति है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

End of Article