Natural Gas Discovery Sanu Formation: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से दुनियाभर में इस समय फ्यूल और एलपीजी गैस की पहुंच मुश्किल हो रही है। ऐसे में देशभर के करोड़ों लोगों के लिए बड़ी गुड न्यूज है। देश की ऑयल सेक्टर की दिग्गज पीएसयू कंपनी ऑयल इंडिया (Oil India) ने राजस्थान के डांडेवाला फील्ड में प्राकृतिक गैस का नया भंडार खोज निकाला है। इस बात की जानकारी केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके दी।
कंपनी के मुताबिक भले ही इस खोज का आकार छोटा हो लेकिन रणनीतिक तौर पर यह भारत के लिए काफी खास है। इस खोज ने भविष्य में डांडेवाला फील्ड में गैस उत्पादन की संभावनाएं बढ़ा दी हैं।
केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा ऊर्जा महारत्न @OilIndiaLimited ने दांडेवाला फ़ील्ड में सफलतापूर्वक एक नया गैस-युक्त क्षेत्र (pay zone) खोज निकाला है। PM श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में, भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की यात्रा को, पहली बार कम गहराई वाली 'सानू फॉर्मेशन' (Sanu Formation) से लगभग 25,000 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रतिदिन की दर से प्राकृतिक गैस के प्रवाह से नई गति मिलेगी। टीम ऑयल इंडिया के दृढ़ संकल्प, तकनीकी उत्कृष्टता और अटूट समर्पण को सलाम!
क्षेत्र में हो सकते हैं गैस के भंडार
कंपनी के अनुसार, नए कुएं में लगभग 950 मीटर गहराई पर स्थित सानू फॉर्मेशन से औसतन 25,000 SCMD प्राकृतिक गैस का उत्पादन दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि इस इलाके में गैस का अच्छा भंडार मौजूद हो सकता है और भविष्य में यहां से बेहतर उत्पादन की संभावना है।
ऑयल इंडिया ने जानकारी दी कि डांडेवाला फील्ड में सानू फॉर्मेशन के ऊपरी हिस्से में पहली बार सफल तरीके से गैस मिलने की पुष्टि हुई है। कंपनी इसे भविष्य के लिए एक संभावनाओं से भरा क्षेत्र मान रही है।
कंपनी के मुताबिक, यह खोज उसकी “Missed Opportunities” रणनीति के तहत की गई है। इस योजना में पुराने क्षेत्रों की फिर से तकनीकी जांच और जमीन के अंदर की संरचना का विश्लेषण करके नए तेल और गैस संसाधनों की तलाश की जाती है। कंपनी के अनुसार, इस खोज एक बड़ी उम्मीद जगा दी है और इससे डांडेवाला फील्ड में आगे नई ड्रिलिंग और विकास कार्यों की संभावनाएं बढ़ गई हैं। भारत में प्राकृतिक गैस की मांग लगातार बढ़ रही है ऐसे में देश के भीतर नए गैस भंडार मिलना ऊर्जा सुरक्षा के ध्यान में रखते हुए भी काफी महत्वपूर्ण है।
