डाकघर मासिक आय योजना
POMIS: हम सभी अपनी भविष्य की जरूरतों के लिए बचत करते हैं। इसके लिए हम बैंक एफडी, पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम, म्यूचुअल फंड आदि का चुनाव करते हैं। अगर आप कोई ऐसा इन्वेस्टमेंट विकल्प की तलाश में है जो आपको मंथली इनकम दे तो आपके लिए पोस्ट ऑफिस एमआईएस एक बेस्ट विकल्प हो सकता है। डाकघर मासिक आय योजना (POMIS) में आप अपनी बचत के अनुसार निवेश कर मंथली रिटर्न प्राप्त कर सकते हैं। आइए हम आपको बताते हैं कि 9,250 रुपये मंथली ब्याज के लिए आपको कितना निवेश करना होगा।
POMIS बचत बढ़ाने और एक स्थिर आय बनाने का एक सुरक्षित विकल्प है। 7.4 प्रतिशत ब्याज दर के साथ, यह आपको बैंको के मुकाबले ज्यादा रिटर्न दे सकता है। आपको बता दें कि पोस्ट ऑफिस एमआईएस में स्थिर मासिक रिटर्न के लिए 5 साल की लॉक-इन अवधि की आवश्यकता होती है। प्रति माह मिलने वाला ब्याज हर महीने आपके खाते में जमा किया जाता है। कम से कम पांच साल की अवधि के बाद, आप परिपक्वता पर अपना मूलधन निकाल सकते हैं। इस तरह, आपका पैसा सुरक्षित रहता है और आप उस पर ब्याज भी कमा सकते हैं।
POMIS के आप एक अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये जमा कर सकते हैं, लेकिन संयुक्त खाते में यह सीमा बढ़कर 15 लाख रुपये हो जाती है। अगर आप संयुक्त खाते में 15,00,000 रुपये जमा करते हैं, तो आप 7.4 प्रतिशत ब्याज पर 9,250 रुपये प्रति माह कमा सकते हैं। यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए अच्छा विकल्प है, खासकर उन लोगों के लिए जो एक निश्चित पेंशन चाहते हैं। डाकघर मासिक आय योजना के तहत खाता खोलना आसान है। आपको भारत का नागरिक होना चाहिए। अगर बच्चे की उम्र 10 साल से कम है, तो आप नाबालिग के लिए खाता खोल सकते हैं। माता-पिता बच्चे के खाते का संचालन करेंगे। दूसरा, आपका डाकघर में बचत खाता होना चाहिए। आधार कार्ड और पैन कार्ड होना अनिवार्य है।