Premium

Explainer: इकोनॉमी और बाजार के लिए कितना अहम फॉरेक्स रिजर्व, खत्म हुआ, तो क्या होगा

Forex Reserve यानी विदेशी मुद्रा भंडार किसी भी देश की “इकोनॉमिक लाइफलाइन” होता है। यह सिर्फ डॉलर का स्टॉक नहीं, बल्कि करेंसी की स्थिरता, आयात की सुरक्षा, बाजार का भरोसा और संकट के समय सरकार की ताकत का सीधा संकेत है। जब Forex Reserve मजबूत होता है, तो इकोनॉमी को झटके कम लगते हैं, और जब कमजोर होता है हर मोर्चे पर दबाव बढ़ जाता है।

Image
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (इमेज क्रेडिट, कैन्वा)

What is Forex Reserve विदेशी मुद्रा भंडार क्या होता है? विदेशी मुद्रा भंडार यानी देश के पास मौजूद विदेशी करेंसी और उससे जुड़े सुरक्षित एसेट्स का रिजर्व है, जिसे RBI मैनेज करता है। इसे आप देश का आर्थिक सुरक्षा कवच मान सकते हैं। यह करेंसी में उथल-पुथल, आयात भुगतान संकट या ग्लोबल शॉक जैसी परिस्थितियों में काम आता है। यह रिजर्व यह भरोसा भी देता है कि देश के पास बाहरी दुनिया के साथ लेन-देन की क्षमता बनी हुई है।

Forex Reserve में क्या-क्या शामिल होता है?

Forex Reserve यानी विदेशी मुद्रा भंडार में केवल डॉलर ही नहीं होता। इसमें फॉरेन करेंसी एसेट्स (Foreign Currency Assets) यानी यूरो, पाउंड और येन जैसी करेंसी भी होती हैं। इनके अलावा RBI का गोल्ड रिजर्व, IMF रिजर्व और स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) और रिजर्व ट्रेंच पोजिशन जैसे हिस्से भी शामिल होते हैं। इन सभी का मकसद एक ही होता है कि देश के पास ऐसे लिक्विड और भरोसेमंद एसेट्स रहें, जिसे जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सके।

Forex Reserve काम कैसे करता है?

Forex Reserve का सबसे बड़ा काम रुपये को अचानक गिरने से बचाना है। असल में जब बाजार में डॉलर की मांग तेज होती है और रुपया कमजोर पड़ने लगता है, तब RBI बाजार में डॉलर बेचकर सप्लाई बढ़ाता है और रुपये पर दबाव कम करता है। इसका मतलब यह नहीं कि RBI रोजाना रेट फिक्स करता है, बल्कि वह अत्यधिक उतार-चढ़ाव को सहज करता है, ताकि करेंसी मार्केट में घबराहट वाला माहौल न बने।

इकोनॉमी के लिए Forex Reserve क्यों जरूरी?

भारत अपनी ऊर्जा सहित कई अहम चीजों के लिए आयात पर निर्भर है। खासकर कच्चा तेल, गैस, इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी और कई इंडस्ट्रियल रॉ मटेरियल का आयात होता है। फॉरेक्स रिजर्व इस आयात के सिस्टम को स्थिरता देता है। विदेशी मुद्रा भंडार से यह भरोसा मिलता है कि आयात बिल चुकाने के लिए विदेशी मुद्रा उपलब्ध है। जब रिजर्व मजबूत होता है, तो रुपये की कमजोरी का झटका सीमित रहता है, जिससे इम्पोर्टेड इन्फ्लेशन यानी आयात के जरिए आने वाली महंगाई पर भी कंट्रोल बनाने में मदद मिलती है।

बाजार और निवेशकों के लिए इसका क्या मतलब है?

Forex Reserve बाजार को भी भरोसा देता है। विदेशी निवेशक किसी भी देश में पैसा लगाने से पहले यह देखते हैं कि संकट आने पर उस देश के पास कितना फॉरेक्स बफर कितना है, यानी जरूरत की तुलना में विदेशी मुद्रा भंडार में कितनी विदेशी मुद्रा है। मजबूत रिजर्व का मतलब है कि करेंसी क्रैश या भुगतान संकट का रिस्क कम है। यही वजह है कि रिजर्व में तेज गिरावट अक्सर बाजार में चिंता बढ़ाती है और रिजर्व में मजबूती निवेशकों को स्थिरता का संकेत देती है।

ट्रेड और इंडस्ट्री के लिए Forex Reserve की अहमियत

ट्रेड की दुनिया में सबसे बड़ा खतरा अनिश्चितता है। Forex Reserve इस अनिश्चितता को कम करता है, क्योंकि इससे भुगतान प्रणाली और सप्लाई चेन को स्थिरता और सुरक्षा मिलती है। अगर रिजर्व कमजोर होता है, तो कंपनियों के लिए आयात महंगा हो सकता है, क्योंकि इससे हेजिंग कॉस्ट बढ़ सकती है। इससे आखिर में कई सेक्टरों के प्रॉफिट मार्जिन पर दबाव आ सकता है। खासकर ऑयल-गैस पर निर्भर और इंपोर्ट-हेवी इंडस्ट्री के लिए करेंसी अस्थिरता सीधे लागत बढ़ाती है।

अगर विदेशी मुद्रा भंडार पूरी तरह खत्म हो जाए तो क्या होगा?

अगर Forex Reserve पूरी तरह खत्म होने जैसी स्थिति बनती है, तो यह एक बड़े आर्थिक संकट का संकेत होगा। सबसे पहला असर रुपये पर पड़ेगा, क्योंकि RBI के पास डॉलर बेचकर करेंसी को सपोर्ट करने की ताकत नहीं बचेगी। ऐसे में रुपया तेज और अनियंत्रित तरीके से कमजोर हो सकता है, जिससे बाजार में घबराहट और महंगाई का दबाव दोनों बढ़ेंगे।

आयात, महंगाई और ग्रोथ पर सबसे बड़ा झटका

रिजर्व खत्म होने के बाद सबसे बड़ा खतरा आयात भुगतान संकट के तौर पर सामने आता है। इससे तेल, गैस और जरूरी सामान का आयात प्रभावित होगा, जिससे पूरे देश में अफरा-तफरी का माहौल हो सकता है और तमाम चीजों की कीमतें बेहिसाब तरीके से बढ़ सकती हैं। यह स्थिति महंगाई को विस्फोटक बना सकती है, क्योंकि ईंधन महंगा होने का असर ट्रांसपोर्ट, खेती, इंडस्ट्री और रोजमर्रा की वस्तुओं तक पहुंचता है। इसका नतीजा ग्रोथ पर भी भारी दबाव के रूप में सामने आ सकता है।

शेयर बाजार का क्या होगा?

ऐसी स्थिति में विदेशी निवेशक तेजी से पैसा निकाल सकते हैं, क्योंकि उनके लिए सबसे बड़ा रिस्क करेंसी और भुगतान क्षमता का होता है। इस स्थिति में शेयर बाजार बुरी तरह गिर सकता है। इसके अलावा सरकार के सामने डॉलर जुटाने की मजबूरी आ सकती है, जिसमें विदेशी कर्ज, IMF जैसी संस्थाओं से मदद, आयात पर नियंत्रण, ब्याज दरों में तेज बढ़ोतरी या कैपिटल फ्लो पर सख्ती जैसे कठोर कदम शामिल हो सकते हैं। इन फैसलों की कीमत अक्सर आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी होने के रूप में चुकानी पड़ती है।

इकोनॉमी का बैकअप सिस्टम

विदेशी मुद्रा भंडार किसी देश की इकोनॉमी का बैकअप सिस्टम है। यह रुपये को स्थिर रखने, आयात को सुरक्षित रखने, बाजार के भरोसे को मजबूत करने और संकट में फायरपावर देने का काम करता है। यही वजह है कि Forex Reserve मजबूत होना सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि देश की आर्थिक क्षमता और स्थिरता का सीधा संकेत है।

Forex Reserve

विदेशी मुद्रा भंडार

कितना है भारत का फॉरेक्स रिजर्व?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से 16 जनवरी, 2026 को जारी वीकली डेटा के मुताबिक 9 जनवरी, 2026 को समाप्त हुए सप्ताह तक भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार लगभग 687.2 अरब डॉलर रहा। जबकि, 27 सितंबर, 2024 को यह 705 अरब डॉलर के रिकॉर्ड हाई लेवल पर रहा। जबकि, पिछले एक वर्ष में शीर्ष स्तर 703 अरब डॉलर रहा है।

End of Article