Premium

Budget 2026: क्या है ‘थालीनॉमिक्स’? बजट से पहले हमारे लिए क्यों है जरूरी, यहां जानें सबकुछ

बजट 2026 से पहले ‘थालीनॉमिक्स’ एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि यह महंगाई को आंकड़ों की नहीं, बल्कि आपकी थाली की भाषा में समझाता है। दाल-रोटी-सब्जी की कीमतों के जरिए यह बताता है कि आम आदमी की जेब पर महंगाई का असली असर कितना पड़ा है और सरकार की नीतियां जमीन पर कैसे काम कर रही हैं।

Image
Thalinomics

हर साल 1 फरवरी को बजट पेश होने से ठीक एक दिन पहले, भारत सरकार संसद में एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज रखती है 'आर्थिक सर्वेक्षण' (Economic Survey)। यह दस्तावेज देश की अर्थव्यवस्था का वह आईना है, जिसमें पिछले एक साल की कमाई, खर्च, खेती, उद्योग और रोजगार का पूरा लेखा जोखा शामिल होता है। लेकिन अक्सर भारी-भरकम आंकड़े और तकनीकी शब्द आम आदमी के सिर के ऊपर से निकल जाते हैं और उन्हें समझ नहीं आता है। इसी समस्या का समाधान है ‘थालीनॉमिक्स’ (Thalinomics)। यह सरकार का एक ऐसा अनोखा तरीका है, जो देश की जटिल अर्थव्यवस्था को आंकड़ों के जाल से निकालकर आम आदमी की रसोई तक ले आता है। ऐसे में आइए आपको भी आसान भाषा में बताते हैं कि आखिर क्या है थालिनोमिक्स?

इस साल की तारीखें हैं खास

आने वाले बजट 2026 की तैयारी पूरी हो चुकी है। परंपरा के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को मुख्य बजट पेश होगा, लेकिन उससे ठीक पहले यानी 31 जनवरी 2026 को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। इस सर्वे में एक बार फिर सबकी निगाहें 'थालीनॉमिक्स' पर टिकी होंगी, जो बताएगा कि पिछले एक साल में आम आदमी की थाली कितनी बदली है।

आखिर क्या है यह ‘थालीनॉमिक्स’?

आसान शब्दों में कहें तो, थालीनॉमिक्स अर्थशास्त्र को आम आदमी की थाली से जोड़ने का विज्ञान है। यह समझने का एक पैमाना है कि एक सामान्य भारतीय को एक वक्त का भरपेट और पौष्टिक भोजन (दाल, चावल, रोटी और सब्जी) जुटाने के लिए अपनी जेब से कितने पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

आर्थिक विशेषज्ञ मानते हैं कि जीडीपी (GDP) और विकास दर के आंकड़े भले ही ऊपर-नीचे हों, लेकिन एक आम इंसान के लिए महंगाई का असली मतलब उसकी भोजन की थाली की कीमत है। अगर थाली की कीमत बढ़ती है, तो इसका मतलब है कि महंगाई ने मध्यम और गरीब वर्ग की जेब पर सीधा हमला किया है।

बजट से पहले थालीनॉमिक्स क्यों जरूरी है?

आर्थिक सर्वे का मकसद यह बताना होता है कि देश की अर्थव्यवस्था कहां खड़ी है। थालीनॉमिक्स इसमें इसलिए अहम है क्योंकि यह बताता है कि महंगाई बढ़ी है या घटी. आम आदमी की खरीदने की ताकत बढ़ी या नहीं इसके अलावा गरीब और मध्यम वर्ग पर खाने-पीने का बोझ कितना है।

जब सरकार बजट बनाती है, तो उसे यह जानना जरूरी होता है कि आम नागरिक की थाली कितनी सस्ती या महंगी हुई है। इसी आधार पर सब्सिडी, टैक्स राहत और कल्याणकारी योजनाओं के फैसले लिए जाते हैं।

थाली के दाम कैसे तय किए जाते हैं?

Economic Survey में वेज और नॉन-वेज थाली दोनों के दामों का विश्लेषण किया जाता है। इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों की कीमतें देखी जाती हैं, जैसे चावल या गेहूं, दाल, सब्जियां, दूध, तेल, मसाले इन सबको मिलाकर यह निकाला जाता है कि एक पौष्टिक थाली बनाने में कितना खर्च आता है। फिर इसकी तुलना पिछले सालों से की जाती है, ताकि यह समझा जा सके कि थाली सस्ती हुई या महंगी।

कौन तैयार करता है आर्थिक सर्वे?

आर्थिक सर्वेक्षण को वित्त मंत्रालय के तहत आने वाला इकोनॉमिक अफेयर्स विभाग तैयार करता है। इसके अंदर एक इकोनॉमिक डिवीजन होता है, जो देश के Chief Economic Advisor (CEA) की निगरानी में काम करता है। यही टीम पूरे साल के आर्थिक आंकड़ों का विश्लेषण करके सर्वे तैयार करती है।

आम आदमी के लिए इसका क्या मतलब है?

थालीनॉमिक्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें भारी-भरकम आर्थिक शब्दों या जटिल गणनाओं की जरूरत नहीं पड़ती। एक आम आदमी भी आसानी से समझ सकता है कि उसकी रसोई का खर्च बढ़ा है या घटा है, सरकार की नीतियों का खाने-पीने की चीजों पर क्या असर पड़ा है और महंगाई उसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में किस तरह महसूस हो रही है। यहां GDP, CPI या WPI जैसे तकनीकी आंकड़ों की बजाय थाली की कीमत ही सब कुछ बयां कर देती है, जो सीधे आम लोगों के अनुभव से जुड़ी होती है।

End of Article