नई दिल्ली: सोने और चांदी के भाव में तेजी जारी है। इस कारण दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। दिल्ली में आज सोने का भाव 100 रुपए तेज होकर 35970 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। दिल्ली में ये अब तक का सबसे ऊंचा भाव है।
चांदी के भाव में भी 260 रुपए की तेजी दर्ज की गई और ये 41960 रुपए पर पहुंच गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन ने ये जानकारी दी। चांदी के भाव में इंडस्ट्रियल यूनिट और सिक्का निर्माताओं की मांग के कारण तेजी आई।
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के वाइस प्रेसीडेंट सुरेंद्र जैन के मुताबिक आज सोने का भाव 35970 रुपए पर पहुंच गया है जो कि सबसे ऊंचा भाव है। ट्रेडर्स के मुताबिक स्थानीय ज्वेलर्स की मांग के कारण सोने के भाव में तेजी आई। इसके अलावा शेयर बाजार की गिरावट से भी सोने के भाव को सहारा मिला। वैश्विक स्तर पर सोने का भाव 1425 डॉलर और चांदी 16.4 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।
एंजेल ब्रोकिंग में डिप्टी वीपी अनुज गुप्ता के मुताबिक सोने के भाव में आगे भी तेजी का अनुमान ही है। गुप्ता ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें घटने के संकेत हैं। वहीं इक्विटी बाजार में गिरावट का असर भी सोने के भाव पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि MCX पर चांदी का भाव 43000 रुपए का स्तर छू सकता है। वहीं सोने का भाव 36000 रुपए के लेवल MCX पर दिखा सकता है।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 और 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 100-100 रुपए तेज होकर 35970 रुपए और 35800 रुपए हो गया। सोने की 8 ग्राम वाली गिन्नी का भाव 100 रुपए तेज होकर 27500 रुपए हो गया। शनिवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का भाव 80 रुपए गिर गया था।
चांदी का भाव 260 रुपए तेज होकर 41960 रुपए पर पहुंच गई। वहीं साप्ताहिक डिलिवरी वाली चांदी का भाव 391 रुपए तेज होकर 41073 रुपए हो गया। चांदी के सिक्कों का भाव स्थिर रहा। चांदी सिक्का लिवाल 84 हजार रुपए और बिकवाल भाव 85 हजार रुपए प्रति सैंकड़ा रहा।
Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।