Gold-Silver के बाद क्या 2026 में Copper–Platinum में बरसेगा पैसा या Property और Share Market में होगी बंपर कमाई? जानें सबकुछ
Gold vs Silver vs Copper vs Platinum, vs Real estate vs Stock market : इस साल Gold-Silver में जबरदस्त तेजी के बाद निवेशकों की नजर अब नए विकल्पों पर है। क्या 2026 में Copper और Platinum शानदार रिटर्न देंगे? साथ ही प्रॉपर्टी और शेयर बाजार का आउटलुक कैसा रहेगा? आइए आपको बताते हैं।
- Authored by: आलोक कुमार
- Updated Dec 25, 2025, 02:21 PM IST
Gold vs Silver vs Copper vs Platinum, vs Real estate vs Stock market : साल 2025 की विदाई में अब कुछ दिन ही शेष बचे हैं। नए साल की तैयारियां शुरू हो गई है। नए साल को लेकर अभी से निवेश रणनीति बनने लगी है। साल 2025, सोने और चांदी निवेशकों के लिए ऐतिहासिक साल रहा है। MCX पर, सोना लगभग 78% बढ़ा, जो 20 दिसंबर, 2024 को 75,233 रुपये से बढ़कर 22 दिसंबर, 2025 को 1,33,589 रुपये हो गया। चांदी ने सबको पीछे छोड़ दिया, 144% की जबरदस्त बढ़त के साथ 2,08,062 रुपये पर पहुंच गई, जबकि बेंचमार्क निफ्टी 50 सिर्फ 10% की मामूली बढ़त ही ले पाया। रियल एस्टेट निवेशकों के लिए यह साल काफी अच्छा रहा। प्रॉपर्टी की कीमत तेजी से बनने से निवेशकों को कई पॉकेट में 50% से ज्यादा का रिटर्न मिला। अब निवेशकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि 2026 में Gold, silver के बाद किसी धातु में जबरदस्त तेजी रहेगी। कहीं, Platinum या copper को रिटर्न का नया बादशाह तो नहीं बनेंगे। प्रॉपर्टी और शेयर बाजार का हाल कैसा रहेगा? अगर आप एक निवेशक हैं तो आइए जानते हैं कि 2026 में कहां मिलेगा बंपर रिटर्न और किन बातों का ख्याल रखना जरूरी है।
2026 में सोने में जारी रहेगी तेजी लेकिन...
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, 2025 के बाद 2026 में भी सोने की कीमत में तेजी जारी रह सकती है। वैश्विक बाजर में 2026 में सोना $6,000 प्रति औंस (लगभग ₹541,920 प्रति औंस) तक पहुंच सकता है। एक औंस सोना 28 ग्राम कीमती धातु के बराबर होता है। यानी भारतीय बाजार में सोना ₹1.90 लाख प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं। कमोडिटी एक्सपर्ट का कहना है कि जो निवेशक लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं वे सोने में निवेश कर सकते हैं। हां, 2025 जितनी बड़ी तेजी की उम्मीद करना सही नहीं होगा।
चांदी में बड़ा रिटर्न संभव लेकिन जोखिम भी
मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि चांदी की जबरदस्त रैली 2026 में भी जारी रह सकती है। घरेलू बाजार में चांदी की कीमत 2,34,000 रुपये प्रति किलोग्राम के पार कर गई है। चांदी ने जबरदस्त रिटर्न दिया है। इसकी वजह कम ग्लोबल यील्ड, मंदी के बढ़ते डर, मैक्रो हेज और हाई-ग्रोथ इंडस्ट्रियल मेटल और सेफ-हेवन डिमांड है। आने वाले समय में चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांग बढ़ने वाली है। इससे चांदी की मांग और बढ़ सकती है। हालांकि, एक्सपर्ट निवेशकों को अगाह भी कर रहे हैं। हाई रिटर्न के साथ हाई जोखिम भी है। इसलिए निवेश से पहले जोखिम लेने की क्षमता का आकलन जरूर करें।
2026 में शेयर बाजार में बनेगा पैसा
साल 2025 ने शेयर बाजार ने निवेशकों को निराश ही किया है। एक ओर जहां सोने और चांदी ने निवेशकों की छप्परफाड़ कमाई कराई है, वहीं, दूसरी ओर सेंसेक्स और निफ्टी ने निवेशकों को मामूली रिटर्न दिया है। अब सब की निगाहें 2026 पर टिकी है। कोटक म्यूचुअल फंड के एनुअल मार्केट आउटलुक 2026 के अनुसार, ब्याज दरों में नरमी और मजबूत स्ट्रक्चरल ग्रोथ के कारण शेयर बाजार और फिक्स्ड इनकम दोनों में अच्छा रिटर्न मिल सकता है। बैंकिंग, कंजम्पशन, ई-कॉमर्स, हेल्थकेयर, वाहन, आईट जैसे सेक्टर की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों से निवेशकों को शानदार रिटर्न मिल सकता है। मार्केट एक्सपर्ट की उम्मीदें हैं कि आने वाला साल, 2026, 2025 से बेहतर होगा। एक्सपर्ट्स का मनना है कि मजबूत आर्थिक संकेतकों, नीति सुधारों और बेहतर कॉरपोरेट नतीजों से भारतीय शेयर बाजार में सुधार के संकेत हैं। FY26 की दूसरी छमाही से कमाई में तेजी, भारत-अमेरिका ट्रेड डील, FIIs की वापसी और वैल्यूएशन में राहत बाजार के लिए सकारात्मक साबित हो सकती है।
रियल एस्टेट बड़े निवेशकों के बीच पहली पसंद बना रहेगा
अंतरिक्ष इंडिया के सीएमडी राकेश यादव ने बताया कि रियल एस्टेट हमेशा से बिना शोर शराबे के बेहतर रिटर्न देने का काम किया है। 2025 में भी रियल एस्टेट ने शानदार रिटर्न दिया है। यह सिलसिला 2026 में भी जारी रह सकता है। इसकी वजह मजबूत आर्थिक संकेत, बढ़ती आय और युवा और बढ़ती आबादी के चलते शहरों में मांग बनी रहेगी। वहीं इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होने से टियर-2 और टियर-3 शहर और मजबूत होंगे। इससे लक्जरी और ब्रांडेड रेजिडेंस, गेटेड विला और बड़े साइज के फ्लैट की मांग बढ़ेगी, जहां HNI और NRI प्रमुख भूमिका निभाएंगे। कमर्शियल रियल एस्टेट में ग्रेड-A ऑफिस, फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस, वेयरहाउसिंग और इंडस्ट्रियल सेगमेंट नए ग्रोथ साइकिल में प्रवेश करेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते प्लॉटेड लैंड निवेश भी रणनीतिक रूप से आकर्षक बनेगा। साथ ही AI और टेक्नोलॉजी रियल एस्टेट एडवाइजरी को नया रूप देंगी।
क्या 2026 में कॉपर और प्लैटिनम का जलवा रहेगा?
निवेशकों के मन में एक सवाल घूम रहा है कि 2025 में सोने और चांदी में बड़ी तेजी के बाद क्या 2026 में कॉपर और प्लैटिनम का जलवा रहेगा? एक्सपर्ट का कहना है कि हाल के दिनों में कॉपर ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। सप्लाई में रुकावट, ट्रेड में अनिश्चितता और मजबूत स्ट्रक्चरल डिमांड के कारण कॉपर नई रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। तीन महीने के कॉपर वायदा की कीमत बढ़कर लगभग $12,040 प्रति टन हो गई, जिससे साल-दर-साल रिटर्न 40% हो गया, जो 2009 के बाद से सबसे अच्छा सालाना प्रदर्शन है। MCX पर, जनवरी कॉपर वायदा ने ₹1,181.90 प्रति किलोग्राम का लाइफटाइम हाई बनाया, जबकि US Comex कॉपर साल भर में लगभग 49% बढ़ा।
वहीं, प्लैटिनम की कीमतें भी अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं है। निवेशकों ने सेफ-हेवन डिमांड और इस उम्मीद में इसमें अपना इन्वेस्टमेंट बढ़ाया है। प्लैटिनम, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से ऑटोमोटिव कैटेलिटिक कन्वर्टर्स में प्रदूषण कम करने के लिए किया जाता है, उसे खदानों से कम सप्लाई, टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता और सोने से इन्वेस्टमेंट फ्लो के बदलाव से फायदा हुआ है। एनालिस्ट्स का कहना है कि यह मेटल साइकिल में पहले सोने और चांदी से पीछे रहने के बाद अब उनकी बराबरी कर रहा है। इस साल अब तक प्लैटिनम की कीमतें लगभग 160% बढ़ी हैं, जबकि पैलेडियम में 100% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, एनालिस्ट्स ने चेतावनी दी कि प्लैटिनम और पैलेडियम बाजारों में कम लिक्विडिटी के कारण सामान्य ट्रेडिंग वॉल्यूम लौटने पर कीमतों में तेजी से उतार-चढ़ाव आ सकता है।
इन्वेस्टमेंट के बेस्ट ऑप्शन
2026 में कहां करें निवेश?
फाइनेंशियल प्लानर का कहना है कि 2026 में निवेश के लिए डाइवर्सिफाइड पोर्टफोलियो महत्वपूर्ण रहेगा। शेयर बाजार विशेषज्ञ अगले साल इक्विटीज में 7-15% तक रिटर्न की उम्मीद कर रहे हैं। सोना और चांदी दोनों के रुझान सकारात्मक हैं लेकिन बंपर रिटर्न की उम्मीद नहीं की जा सकती है। लॉन्ग टर्म को लक्ष्य बनाकर निवेश किया जा सकता है। कॉपर को भी EV, AI और इंफ्रास्ट्रक्चर डिमांड से 20%+ रिटर्न की संभावना है। प्रॉपर्टी में टियर-2/3 शहरों और ब्रांडेड डेवलपमेंट डिमांड से लंबी अवधि के लिए वैल्यू निर्माण का मौका है। ऐसे में निवेश से पहले रिस्क लेने की क्षमता और अवधि का आकलन जरूर कर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
