नई दिल्ली। इन्टरनेट एक अनोखी दुनिया है और वहां कुछ भी हो सकता है। एक नाइजीरिया का लड़का जो भारत में कैंसर के इलाज के लिए आता है और यहाँ उसकी ज़िन्दगी का मकसद ही बदल जाता है। सैमुएल एडेपोजू आज एक सफल यूट्यूबर हैं और भोजपुरी गानों के अव्वल प्रेमी भी। लोग उन्हें सैमुएल सिंह के नाम से जानते हैं। उन्होंने भारत में अपने कॉलेज की पढाई के दौरान एक इवेंट में पवन सिंह का इंटरनेशनल हिट ‘लॉलीपॉप लागेलु’ गाने को अपने अंदाज़ में गाया और उसकी एक विडियो भी रिलीज़ की। उनकी अफ्रीकन ज़बान से भोजपुरी गाना सुनना लोगों के लिए कौतुहल का विषय था और वह विडियो वायरल हो गयी और सैमुएल रातों-रात स्टार बन गए। यहीं से उनकी सैमुएल सिंह बनने की जर्नी शुरू हुई।
सोशल मीडिया पर काफी चलने वाला मनोज तिवारी का हिट गाना ‘रिन्किया के पापा’ भी सैमुएल ने गाया और वह गाना इतना वायरल हुआ की उनकी यूट्यूब चैनल पर उनके सब्सक्राइबर की संख्या अचानक से बढ़ने लगी। सैमुएल लगातार भोजपुरी, हिंदी और पंजाबी के मशहूर गानों का कवर वर्जन बनाते रहते हैं। फ़िलहाल उन्होंने अरविन्द अकेला कल्लू का सुपर-डुपर हिट गाना ‘चोलिया के हुक राजा जी’ को भी रीक्रिएट किया है। ‘चोलिया के हुक’ गाना कल्लू के करियर का टर्निंग पॉइंट वाला गाना था। इस गाने के बाद ही उनकी हर जगह पूछ बढ़ गयी थी और वह भोजपुरी संगीत और सिनेमा के मुख्यधारा में आ गये थे। यह गाना 2014 में रिलीज़ हुआ था।
सैमुएल का गाया हुआ वर्जन भी सुनने में अच्छा और थोडा अलग लगता है। दरअसल, सैमुअल को शाहरुख की फिल्म का गाना 'कल हो न हो' काफी पसंद था। 2010 में कैंसर की वजह से अपना बायां हाथ गंवा चुके सैमुएल को अपने भारत प्रवास के दौरान भारत का संगीत कुछ ऐसा भाया कि उन्होंने यहाँ आगे पढ़ने का प्लान बना लिया। उन्होंने जयपुर के सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढाई की और कॉलेज के दौरान ही हिंदी, भोजपुरी, राजस्थानी और पंजाबी गानों को भी सुना। उनके लॉलीपॉप गाने के वायरल हो जाने के बाद उन्हें अपनी आवाज़ और उसके साथ इस अनूठे प्रयोग पर भरोसा हुआ और सैमुएल ने गुड़गांव में म्यूजिक की ट्रेनिंग ली।
सैमुअल को भारत के सभी आर्टिस्ट्स और खासकर रजनीकांत उन्हें काफी पसंद हैं। सैमुएल ने अपने चैनल पर रिलीज़ किये एक विडियो में अपनी इच्छा जताई है कि वह हिंदी और भारत के क्षेत्रीय म्यूज़िक में एफ्रो, हिपहॉप और अफ्रीकन बीट्स का फ्यूज़न करके नए संगीत का निर्माण करना चाहते हैं।