नई दिल्ली : खेसारीलाल भोजपुरी के अभिनेता होने के साथ एक सफल सिंगर भी हैं। खेसारी अपनी फिल्मों में खुद अपनी आवाज देते हैं। यहां तक कि समय-समय पर उनके एल्बम भी रिलीज होते रहते हैं। खेसारी के कई वीडियो एल्बम मशहूर हो चुके हैं। छठ, होली और सावन में खास तौर पर खेसारी अपने एल्बम जारी करते हैं।
'मिलते मरद हमके भूल गईलू' अभी भोजपुरी का यूट्यूब पर सबसे ज़्यादा व्यूज वाला गाना बन गया है और वह भी डेढ़ साल में। यह गाना भी भोजपुरी के उसी ट्रेंड का हिस्सा है जिसमें कोई एक गाना हिट हो जाये तो लोग उसी धुन, उसी थीम से प्रेरित होकर उसी गाने के जैसे ही गाने बनाने लगते हैं। यह गाना पियवा से पहिले हमार रहलु के हिट होने के बाद आया। हालांकि कंटेंट का ऐसा भाईचारा भोजपुरी में चलता रहता है।
इस गाने में खेसारीलाल के साथ जो लड़की नाच रही है वह अब अभिनेत्री बन चुकी है, नाम है चांदनी सिंह। चांदनी को इंडस्ट्री में लाने वाला इस म्यूजिक वीडियो का चैनल आदिशक्ति फिल्म्स ही है। इस चैनल के एक डायरेक्टर ने चांदनी को पटना में एक पार्टी में स्पॉट किया था और उन्हें एल्बम में काम करने का ऑफर दिया। चाँदनी ने खेसारी के साथ ही एक और हिट गाना पलंग करे चोंय चोंय भी किया है।
गौरतलब है कि खेसारी अपने गुरु कमलाकांत मिश्रा का हमेशा ज़िक्र करते हैं, इस गाने के क्रेडिट में उनका भी नाम हैं। खेसारी इन्हीं गुरु जी की कीर्तन मंडली में झाल बजाकर और बाद में राम-भजन गाकर गायक बने। खेसारी की इस साल आने वाली फिल्मों में हेराफेरी, राजा हिंदुस्तानी, बबुआ बवाली, सइयां अरब गइले ना आदि हैं।