मुंबई. हिंदी फिल्मों में अगर कोई एक फार्मूला हिट होता है तो वह ट्रेंड बन जाता है। एक समय साउथ की फिल्मों का रीमेक बनाने का दौर चला तो सारे बड़े सुपरस्टार ने रीमेक फिल्में कीं। अब पुराने हिंदी, पंजाबी, भोजपुरी के गानों को रीमेक करने का दौर चला है। यह ट्रेंड काफी हिट भी है।
गानों को रीमेक करने में सबसे पहले जिस म्यूजिक डायरेक्टर का नाम आता है वो तनिष्क बागची हैं। उन्होंने 20 से ज्यादा गाने रीमेक करके दुबारा हिट किये हैं। अभी वह भोजपुरी गाना ‘काशी हिले पटना हिले’ का रीमेक लेकर आये हैं।
‘काशी हिले पटना हिले’ गाना सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीती चोपड़ा की फिल्म जबरिया जोड़ी में आइटम नम्बर के तौर पर फिल्माया गया है जिसमें स्वीडिश मूल की एली एवराम ने शानदार ठुमके लगाये हैं। यह गाना पहले से ही काफी पॉपुलर है और इसके कई रीमिक्स वर्ज़न मार्किट में मौजूद हैं।
1977 की भोजपुरी फिल्म का है गाना
काशी हिले गाना पहली बार भोजपुरी फिल्म दंगल में फिल्माया गाया था। दंगल साल 1977 में रिलीज हुई पहली कलर भोजपुरी फिल्म थी। इसमें हिंदी फिल्मों के एक्टर सुजीत कुमार और प्रेमा नारायण ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
दंगल फिल्म एक पहलवान की कहानी थी जो समाज के कुरीतियों से लड़ता है। काशी हिले पटना हिले गाने का संगीत नदीम श्रवण ने दिया था। यह उनके करियर की पहली फिल्म थी, बाद में उन्होंने हिंदी सिनेमा को आशिकी फिल्म के गानों जैसे अनेक खूबसूरत गाने दिए।
इस प्रथा पर आधारित है जबरिया जोड़ी
जबरिया जोड़ी बिहार में कई सालो से चली रही प्रथा ‘पकडुआ विवाह’ पर आधारित है। इस प्रथा में दबंग लोग कुंवारे लड़कों का अपहरण कर लड़कियों के परिवार वालों को बेच देते हैं। जिसके बाद लड़की के परिवार वाले बन्दूक की नोक पर लड़के की शादी अपनी लड़की से करवा देते हैं।
यह शादी बाद में सर्टिफिकेट बनवा कर कानूनी तौर पर वैध भी करा दी जाती है। सिद्धार्थ मल्होत्रा इसमें ऐसे ही एक गिरोह के सरगना बने हैं जो कुंवारे लड़के उठाते हैं। ऐसी ही कहानी पर रवि किशन की बेटी रीवा किशन की फिल्म सब कुशल मंगल भी आने वाली है।