Akshra Singh Bhojpuri Songs:सावन का महीना चल रहा है और यह माह हिन्दू मान्यता के हिसाब से बहुत पवित्र माना जाता है। यह भगवान शिव का प्रिय महीना है। श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा पूरे उत्साह और आस्था से करते हैं। सावन के महीने में भोजपुरी संगीत जगत सबसे ज्यादा एक्टिव हो जाता है।
भोजपुरियां पट्टी में भक्त भगवान शिव की नगरी बाबाधाम जाते हैं। वह कांवर लेकर पैदल यात्रा कर शिव के ऊपर गंगा जल चढ़ाते हैं। इन भक्तों के साथ भक्ति रस में सराबोर होने के लिए सारे कलाकारों में बोलबम या कांवड़ गीत गाने की होड़ मच जाती है।
भोजपुरी फिल्मों की नामचीन हीरोइन अक्षरा सिंह (Akshra Singh) के नाम में सिंगर का टाइटल भी जुड़ गया है। अक्षरा ने इस साल भी शिव-भक्तों के लिए बोलबम के गीत गाए हैं। अक्षरा सिंह का बाबा भोले की मस्ती में मस्त होकर नाचने वाला गाना ‘कांवर उठा के नाच’ रिलीज हुआ है और काफी पॉपुलर हो रहा है।
कांवरियों से झूमकर नाचने को कहती हैं अक्षरा सिंह
अक्षरा सिंह इस गाने में केसरिया कुर्ता पहने खूब ठुमक रहीं हैं। अक्षरा सिंह के साथ एक छोटी सी बच्ची भी है। गाना लिखा है मनोज मतलबी ने, जो अमूमन पवन सिंह की फिल्मों और एल्बम में काफी गाने लिखते हैं। संगीत अविनाश झा घुँघरू का है।
गाने में अक्षरा 105 किलोमीटर लम्बी कांवड़ यात्रा में थक के चूर काँवरिया भक्तों को भोले के गीत पर झूम झूम कर नाचने को कहती हैं। अक्षरा सिंह (Akshra Singh) के और भी बोलबम के गाने आने वाले हैं और लगातार रिलीज़ हो रहे हैं।
(लेखक मनोज भावुक भोजपुरी सिनेमा और संगीत के जानकार हैं। )