पवन सिंह भोजपुरी फिल्मों के केवल सुपरस्टार ही नहीं है बल्कि अच्छे सिंगर भी हैं। पवन सिंह ने जब भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की थी तो वह अपने गानों की वजह से ही चर्चा में आये थे। उनका पहला एल्बम 'ओढनिया वाली' 1997 में रिलीज हुआ था। उसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट एल्बम में गाने गाये। 2007 में जब उन्होंने 'रंगली चुनरिया तोहरे नाम' से बतौर अभिनेता अपना करियर शुरू किया तब भी वह अपने अंदर के गायक को हमेशा आगे लाते रहे।
अपनी हर फिल्म में पवन सिंह अधिकतर गाने वह खुद ही गाते हैं और दर्शक उनके गानों को पसंद भी करते हैं। पवन अपने रोमांटिक गानों के लिए जाने जाते हैं हालांकि उनका हिट गाना 'लॉलीपॉप लागेलु' एक डांसिंग नंबर है। पवन सिंह के रोमांटिक गानों का एक ऐसा दौर रहा है जब युवा उनके गाने खूब सुनते और पसंद करते थे। बिहार-यूपी के भोजपुरी क्षेत्रों में ऐसे कई युवा मिल जायेंगे जो 90 के दशक के रोमांटिक गानों के आगे पवन सिंह के गानों को ज्यादा तरजीह देते हैं, वजह भाषाई कनेक्ट और पवन सिंह की बेहतरीन आवाज है।
पवन सिंह की शुरुआती फिल्मों में से एक हिट फिल्म 'प्रतिज्ञा' 2008 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में निरहुआ की मुख्य भूमिका थी। इसका एक गाना 'भगवान बड़ी फुर्सत से' आधुनिक दौर के भोजपुरी के हिट रोमांटिक गानों की लिस्ट में सबसे ऊपर आता है। इस गाने की पॉपुलैरिटी ने फिल्म की सफलता में भी बड़ा योगदान दिया था। तब सीडी का दौर था और यूट्यूब भारत में लॉन्च ही हुआ था। इस गाने के बोल विनय बिहारी ने लिखे थे और संगीत राजेश रजनीश का था। यह गाना अब भी खूब सुना जाता है।
पवन सिंह की फिल्म मुकाबला 2016 में आई और पवन के अलग लुक की वजह से काफी मशहूर हुई। इसका एक गाना 'अंखिया में कवन जादू' यूट्यूब पर काफी हिट है और इसे लगभग 2 करोड़ से ज्यादा लोगों ने सुना है। इसमें पवन के अपोजिट तनुश्री हैं। यह गाना प्रेमियों की प्लेलिस्ट में रिपीट मोड पर बजता है क्योंकि इसमें पवन सिंह हीरोइन की खूबसूरती की तारीफ में कहते हैं कि तुमने आंखों में ऐसा कौन सा जादू छुपाया है जिसकी वजह से मैं पागल हो गया हूं।
पवन सिंह ने 'सैयां के साथ मडईया में' फिल्म में एक सिंगर का रोल किया था जो काम पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। इस फिल्म का एक गाना जो आंखों के ऊपर ही है, काफी हिट हुआ है। इसमें उनकी हीरोइन मोनालिसा हैं जो आजकल स्टार प्लस के मशहूर शो 'नजर' में डायन का रोल कर रही हैं। फिल्म का यह गाना भोजपुरी युवाओं की प्लेलिस्ट में आसानी से मिल जायेगा।
(लेखक मनोज भावुक भोजपुरी सिनेमा और संगीत के जानकार हैं।)